माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। एसडीएम सुधांशु गौतम को चंडीगढ़ प्रशासन ने वापस उनके गृह राज्य हरियाणा भेज दिया है। इस संबंध में यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने सोमवार को आदेश जारी कर दिए हैं। सुधांशु गौतम को सोमवार को ही प्रशासन से पदमुक्त भी कर दिया गया। सुधांशु गौतम के सभी प्रभार को चंडीगढ़ में रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) एचसीएस विराट को सौंप दिया गया है। वह एसडीएम ईस्ट की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
गौरतलब है कि सुधांशु गौतम एसडीएम ईस्ट की जिम्मेदारी निभा रहे थे। सेक्टर-26 स्थित बापूधाम में जब कोरोना वायरस के कई मामले सामने आए थे, उस वक्त सुधांशु गौतम को ही जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस वक्त सुधांशु गौतम ने बापूधाम और सेक्टर-30 के इलाकों में कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए कार्य किया था। उनके कार्यों को देखते हुए प्रशासन ने उनकी सराहना भी की थी। सुधांशु के पास इन दिनों सेक्टर-10 स्थित म्यूजियम और आर्ट गैलरी के प्रमुख की जिम्मेदारी भी थी। इससे पहले वह जनसंपर्क विभाग के निदेशक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। बताया जा रहा है कि सुधांशु गौतम को हरियाणा सरकार में पीआर विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है।