फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा में दो की मौत, ममदोट में बैलेट बॉक्स फूंका, फिरोजपुर में गोली चली

Mon, 31 Dec 2018 09:30 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फिरोजपुर (पंजाब)
विज्ञापन
बैलेट बॉक्स पर लगाई आग
विज्ञापन

फिरोजपुर के ब्लाक ममदोट के गांव लखबीरके हिठाड़ में गैंगस्टरों व शूटरों ने पोलिंग बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया। कैप्चरिंग में असफल रहने पर आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर बैलेट पेपर बॉक्स को आग लगा दी। वहां पर मौजूद तीन सुरक्षाकर्मियों को भी आरोपियों ने जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार गाड़ी से भागने लगे। इस दौरान एक साठ वर्षीय एक बुजुर्ग गाड़ी की चपेट में आ गया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

विज्ञापन


इस वारदात के बाद कांग्रेस के दो गुटों में झड़प हो गई। इसके अलावा ब्लाक ममदोट के ही गांव मस्ता गट्टी में दो गुटों के बीच हुई झड़प में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। उधर, सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर बलविंदर सिंह धालीवाल व एसएसपी प्रीतम सिंह पुलिस पार्टी समेत घटनास्थल पर पहुंचे। 

जानकारी के अनुसार ब्लाक ममदोट के गांव लखबीरके हिठाड़ के स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर लोग कतार में मतदान कर रहे थे। तभी स्कॉर्पियो गाड़ी में आए गैंगस्टरों और शूटरों ने पोलिंग बूथ पर कैप्चरिंग का प्रयास किया। लोगों के विरोध के चलते आरोपी बूथ कैप्चरिंग में असफल रहे। उन्होंने बैलेट पेपर बॉक्स में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
विज्ञापन


 इसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई तो आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ाकर भगाने लगे। इसी दौरान गाड़ी के नीचे आकर 60 वर्षीय महिंदर सिंह निवासी गांव लखबीरके हिठाड़ की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खेत में पलट गई। आरोपी गाड़ी से निकालकर भाग गए। वहीं गांव खुंदर उताड़ में शरारती तत्वों ने फायरिंग कर दी, जिससे वहां पर दहशत का माहौल बन गया। 

मृतक के भाई ने लगाया हत्या का आरोप

घटनास्थल पर जांच में जुटे अधिकारी
मृतक महिंदर सिंह के भाई ने हाथ में महिंदर की फोटो लेकर बताया कि उसके भाई महिंदर को आरोपी पीटते हुए स्कूल से बाहर खींच लाए। उसके बाद आरोपियों ने उसे स्कॉर्पियो गाड़ी के तले कुचल दिया। जिस कारण महिंदर की मौत हुई है। दूसरी तरफ एसएसपी प्रीतम सिंह का कहना है कि आरोपियों ने पोलिंग बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया था और बैलेट पेपर बॉक्स को आग लगाई है। जिन आरोपियों ने स्कॉर्पियो गाड़ी के नीचे महिंदर सिंह को कुचला है और जिन्होंने बैलेट पेपर बॉक्स को आग लगाई है, उनमें आठ की पहचान कर ली गई है।

 सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पत्रकारों ने जब पूछा गया कि आरोपी एक कांग्रेसी विधायक के समर्थक हैं, क्या विधायक पर भी कार्रवाई होगी। इस पर एसएसपी ने कहा कि किसी के भी समर्थक हों, कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह गांव मस्ता गट्टी में दो गुट आपस में भिड़ गए। यहां दो लोगों के गंभीर जख्मी होने की खबर है। डिप्टी कमिश्नर बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि पोलिंग बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास किया, असफल रहने पर बैलेट पेपर बॉक्स को आग लगाई।

पोलिंग बूथ पर मतदान बंद कराया। इस मामले की रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी गई है। चुनाव आयोग की तरफ से दोबारा मतदान के लिए तिथि आएगी तभी मतदान होगा। बाकी पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है।

फायरिंग-पथराव से मची भगदड़ में दबकर व्यक्ति की मौत, लगाया जाम
फिरोजपुर के कोठी राय साहब (कैनाल कालोनी) में गोलियां चलाते हुए शरारती तत्वों ने पोलिंग बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास किया। जैसे ही आरोपी पोलिंग बूथ के अंदर घुसे और गोलियां दागी, लोगों में भगदड़ मच गई। इसी भगदड़ में एक सैमसग नामक व्यक्ति जमीन में गिर गया और लोग उसके ऊपर चढ़ गए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी रोष में लोगों ने फिरोजपुर-फाजिल्का जीटी रोड ठप कर धरना दिया।

गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी के मुकाबले उनका आजाद प्रत्याशी चुनाव में खड़ा हुआ था। आजाद प्रत्याशी को ग्रामीणों का पूरा समर्थन था। इसी बीच कुछ शरारती तत्व गोलियां चलाते हुए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। गोलियों की आवाज सुनते ही लोगों में भगदड़ मच गई। पोलिंग बूथ के अंदर भी लोगों की भीड़ थी।

गांव मान में चुनाव अधिकारी को हटाया, तीन घंटे तक हुआ विरोध

बैलेट बॉक्स ले जाते अधिकारी
सैमसग नामक व्यक्ति भगदड़ के कारण जमीन पर गिर गया और लोग उसके ऊपर से गुजर गए। जिस कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और अस्पताल पहुंचते समय उसकी मौत हो गई। कोठी राय साहब के लोगों का आरोप है कि पुलिस को चार आरोपी पकड़कर दिए थे। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और छोड़ दिया।

 उधर, सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एसपी (डी) बी. एस सिद्धू पहुंचे। पत्रकारों ने सिद्धू से पूछा कि आरोपियों ने फायरिंग करने के अलावा पथराव भी किया, इसके जवाब में सिद्धू ने कहा कि वह अभी आए हैं, इसके बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो वह कार्रवाई करेंगे। 

गांव चांदपुर में कांग्रेस के दो गुटों में चले पत्थर
पंचायती चुनाव के दौरान अमृतसर में कई स्थानों पर हिंसा व बैलेट पेपर छीने गए। अजनाला के गावं चांदपुर में कांग्रेस के दो गुटों में जमकर पत्थर चले। इसमें कई लोग जख्मी हो गए। इस दौरान आधा घंटा वोटिंग रुकी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर मतदान शुरू कराया। कई लोग तेजधार हथियारों के साथ पोलिंग बूथ में प्रवेश कर गए और पुलिस देखती रही।

मोगा के गांव दीना साहिब और बहरामके को छोड़कर जिले भर में शांतिपूर्वक ढंग से मतदान हुआ। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 78 फीसदी पोलिंग हुई है। गांव दीना साहिब में अज्ञात लोगों ने की हवाई फायरिंग की। वहीं गांव बहराम के में दो पक्ष भिड़ गए।  पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

फिरोजपुर में मतदान के लिए कतार पर लगे मतदाता
वहीं कोटइसे खां के गांव बहराम के में दो पक्षों के लोग जाली वोट डालने को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते हाथापाई समेत दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए। 

मजीठा हलका के गावं मान में चुनाव अधिकारी सुरिंदर सिंह तूर ने वोटर सूची 2018 के आधार पर वोटिंग करवाने के स्थान पर 2019 की नई सूची को आधार बनाकर लोगों को वोट करने को कहा। तब तक पुरानी सूची के अनुसार 103  वोट पोल हो चुके थे। गांव के लोगों ने चुनाव अधिकारी के इस निर्णय का विरोध किया और पोलिंग बूथ के बाहर दो घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया।

वोटिंग का बहिष्कार देख घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। एसपीएस बराड़ ने अधिकारी लखविंदर गिल से मामले में बातचीत की। जानकारी डिप्टी कमिश्नर कमलदीप संघा को दी गई तो चुनाव अधिकारी को तुरंत हटा दिया गया। 

नौशेरा गांव में अकाली-कांग्रेसी वर्करों में पत्थरबाजी
अमृतसर उत्तरी विधान सभा हलके की पंचायत नौशेरा  में शिरोमणि अकाली दल व कांग्रेस के वर्करों में जाली वोट डालने के आरोप-प्रत्यारोप के बाद जमकर पत्थरबाजी हुई। पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के लोग जख्मी हो गए। यहां पुलिस ने हलका लाठीचार्ज किया। दोनों तरफ की रोड ब्लॉक हो गई। यहां आधा घंटा तक पोलिंग रुकी रही। अकाली दल के सरपंची के उमीदवार संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रशासन की शह पर अकाली वर्कर्स पर लाठीचार्ज किया। अकाली वर्कर जाली वोट डाल रहे कांग्रेसी वर्कर का विरोध कर रहे थे। इसके बावजूद पुलिस ने नहीं रोका।

गांव भरोआना में विरोधी पार्टी द्वारा किए गए पथराव में घायल युवक
 रामनगर के इस इलाके में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर रहते हैं। उनके वोट रद्द कर दिए गए। जब मजदूरों ने विरोध किया तो पुलिस ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। पूर्व अकाली सरपंच कमल ने कहा की कांग्रेस अपनी हार से बौखला गई है। उनके पोलिंग एजेंटों को धक्के मारे गए। सरपंच उमीदवार प्रोमिला देवी को पोलिंग बूथ में नहीं जाने दिया गया।

अटारी में लोगों ने धीमी गति से पोलिंग कराने का लगाया आरोप
अटारी विधानसभा हलके के गांव में भी लोगों ने चुनाव अधिकारी पर धीमी गति से पोलिंग कराने के आरोप लगाए। चार-चार घंटे लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब वोट डालने की बारी नहीं आई तो लोग भड़क गए। लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। बाद में उच्च अधिकारियों ने मामले को सुलझाया।

राजासांसी में बैलेट पेपर लेकर भागे लोग
राजासांसी के बूथ नंबर 75 में कुछ असामाजिक तत्व बैलेट पेपर लेकर भाग गए। बूथ सरकारी स्कूल में था। वहां भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात था। इसके बावजूद चुनाव अधिकारी की टेबल पर पड़े बैलेट पेपर छीनने की घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने बूथ के चारों तरफ घेराबंदी कर ली। बैलट पेपर लेकर भागने वाले कौन थे, इस पर कांग्रेस-अकाली दल के लोग एक दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने मीडिया कर्मियों के साथ धकामुक्की की। वहीं गांव पंजू कसेल में वोटर सूची में नाम न होने के कारण लोगों ने जमकर की नारेबाजी की।

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के गांव भरोआना बूथ पर एक वोट पर एतराज को लेकर विवाद हो गया। बूथ पर माहौल तनावपूर्ण बन गया और देखते ही देखते ही ईंट-पत्थर चलने लगे। वोट डालने आए करीब चार-पांच लोग जख्मी हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल सुल्तानुर लोधी में भर्ती कराया गया। इस दौरान करीब एक घंटे से ज्यादा मतदान रुका रहा। 

गांव भरोआना में विरोधी पार्टी द्वारा किए गए पथराव में घायल युवक
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुल्तानपुर लोधी डा. चारूमिता, डीएसपी तेजबीर सिंह हुंदल व एसएचओ सुल्तानपुर लोधी सरबजीत सिंह भारी पुलिस फोर्स लेकर गांव भरोआना पहुंचे। एडीसी सामान्य राहुल चाबा भी मौके पर पहुंचे और मतदान प्रक्रिया शुरू करवाई। थाना कबीरपुर में 40-50 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।

गांव भरोआना के बूथ पर सुबह से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। करीब 11:40 पर एक वोट पर एतराज जताए जाने के बाद हंगामा शुरू हो गया। सरपंच प्रत्याशी गुरदेव कौर का पोलिंग एजेंट कादर और प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार मंगो का एजेंट जसविंदर सिंह इस वोट को लेकर उलझ गए और गाली गलौच करने लगे। देखते ही देखते ईंट और पत्थर चलने शुरू हो गए और कुछ लोग स्कूल की दीवार फांदकर बूथ के अंदर घुस गए और मतदान पेटियों के अलावा बैलेट पेपर और अन्य सामान छीनने की कोशिश की। 

 इस दौरान पोलिंग स्टाफ की भी पिटाई किए जाने और कुछ चुनाव सामग्री को जलाने की सूचना भी मिली है। पथराव से आसपास के लोगों के घरो की कई खिड़कियां टूट गई और स्कूल का भी काफी नुकसान हुआ। पथराव में वोट डालने आए बलबीर सिंह, संतोख सिंह, गुरजीत कौर, डेनियल और सेवा सिंह निवासी भरोआना जख्मी हो गए। सिविल अस्पताल में दाखिल घायलों ने बताया कि जब वह वोट डालने के लिए बूथ गए तो विरोधी पक्ष के लोगों ने तेजधार हथियार के बल पर वोट डालने से रोका। विरोध करने पर हमला कर दिया। 

सूचना पर एसडीएम, डीएसपी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रित की। डीएसपी तेजबीर सिंह हुंदल ने बताया स्थिति सामान्य करवाकर कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग प्रक्रिया शुरू करवाई दी गई थी। प्रीजाइडिंग अधिकारी अमरीक सिंह के बयान पर थाना कबीरपुर में 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिला चुनाव अधिकारी-कम-डीसी मोहम्मद तैय्यब ने कहा कि गांव भरोआना के हंगामे के बारे में पता चलते ही उन्होंने एसडीएम सुल्तानपुर लोधी, डीएसपी सुल्तानपुर लोधी को बूथ पर भेजा। 
विज्ञापन

प्रत्याशी के भाई-भाभी ने बैलेट पेपर बॉक्स में डाला तेजाब 

गांव भरोआना में विरोधी पार्टी द्वारा किए गए पथराव में घायल युवक
वहीं फिरोजपुर के जलालाबाद में गांव झुग्गे टेक सिंह वाला में उम्मीदवार जसविंदर सिंह के भाई और भाभी ने पोलिंग बूथ में जाकर बैलेट पेपर बॉक्स में ज्वलनशील पदार्थ (तेजाब) डालने की कोशिश की। किसी तरह बूथ में मौजूद प्रोजाइडिंग अधिकारी ने बैलेट पेपर को बचाया और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने आरोपी बलविंदर सिंह और उसकी पत्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। उधर घटना की जानकारी मिलते ही डीसी मनप्रीत सिंह और एसएसपी डा. केतन बलिराम पाटिल घटनास्थल पर पहुंचे। 

गौरतलब है कि गांव झुग्गे टेक सिंह वाला में प्रत्याशी अमर सिंह और जसविंदर सिंह सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे हैं। जसविंदर सिंह के हारने के आसार होने के कारण उसके भाई और भाभी ने ज्वलनशील पदार्थ बैलेट पेपर बॉक्स में फेंक दिया। पता लगने पर प्रोजाइडिंग अधिकारी ने वोटों को जलने से बचा लिया। घटना में 16 वोट खराब हो गए। उधर मौके पर की गई गिनती में कुल 147 वोटों में से 86 वोट अमर सिंह को पोल हुई जबकि 45 वोट जसविंदर सिंह को मिले। 

जिला प्रशासन ने अमर सिंह को विजयी घोषित कर दिया। डीसी ने कहा कि यदि खराब हुए वोट भी बलविंदर सिंह के पक्ष में गिने जाएं तब भी अमर सिंह ही विजयी रहेगा। उधर एसडीएम केशव गोयल ने कहा कि इस घटना में आरोपी पति-पत्नी के विरुद्ध थाना सदर जलालाबाद में मामला दर्ज किया जा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें