माल मंत्री बिक्रमजीत मजीठिया ने कहा कि उन्हें कैप्टन के अति नजदीकियों से सूचना मिली है कि कैप्टन आधी-आधी रात को भी मजीठिया और मजीठा वालों का नाम ले-ले कर बुड़बुड़ाते हैं।
मजीठिया वीरवार को गांव महद्दीपुर में दो अलग-अलग समागम के दौरान 50 से अधिक परिवारों की तरफ से कांग्रेस छोड़ कर शिअद में आने के दौरान बोल रहे थे।
मजीठिया ने इस मौके पर कैप्टन अमरिंदर सिंह पर तीखा हमला करते हुए कैप्टन को पंजाब के हितों का सबसे बड़ा दुश्मन करार दिया और कहा कि दस साल केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन कैप्टन ने कहीं भी महंगाई, भ्रष्टाचार, पंजाब के हकों, हितों, इंडस्ट्री और बार्डर की समस्याएं लेकर केंद्र सरकार तक पहुंच नहीं की।
मजीठिया ने कैप्टन की तरफ से नामजदगी के दौरान अपने विदेशी बैंक खातों को छिपाने की निंदा करते कहा कि जिसने चयन प्रचार की शुरुआत ही फरेब और झूठ के साथ की है उस का बेड़ा पार कहां लगना है।
उन्होंने कहा कि कैप्टन के दिमाग पर हार के डर का इतना प्रभाव हो गया है कि उन्हें अब यह भी नहीं पता लग रहा कि उनका विरोधी उम्मीदवार अरुण जेटली है। वह कह रहे हैं कि मजीठिया को भगाने के लिए मुझे वोट डालो।