केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला ने कांग्रेस पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद मीडिया से रूबरू हुए सांपला ने कहा कि मैं मानता हूं कि पंजाब में नशा गंभीर समस्या है, पर इसके लिए यूपीए जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि एनडीए आने के बाद पिछले छह महीनों में सरहद पार से नशों की आमद घटी है। यूपीए ने पड़ोसी राज्यों को टैक्स हॉलिडे दिया, जिससे बेरोजगारी और नशों के प्रति रुझान बढ़ा।
दलितों में पार्टी को मजबूत करूंगा
शिअद में दलित वोट बैंक को लेकर बेचैनी के सवाल पर सांपला ने कहा कि वह दलितों में काम करेंगे, पार्टी की पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शुरू से ही भाजपा दलितों की हितैषी रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रयास से ही डॉ. बीआर अंबेदकर राज्यसभा पहुंचे थे।
एसवाईएल पर समझौते के संकेत
सतलुज यमुना लिंक नहर के विवादित मुद्दे पर सांपला ने कहा कि केंद्र जल्द ही पंजाब व हरियाणा के साथ बैठक करेगा। ऐसा समझौता कराया जाएगा जो सबको मान्य होगा।