चेकिंग के दौरान पाया गया कि एफसीआई द्वारा ग्लोब्स वेयर हाउसिंग एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली की ओर से बठिंडा में पनग्रेन की ओर से गेहूं स्टोर करने के लिए करीब 18 गोदाम किराए पर लिए हुए हैं। इनमें से गांव गिल्ल कलां के गोदाम में मई 2023 के दौरान गेहूं की 2,33,374 बोरियां वजन 116429.99880 क्विंटल स्टोर की थीं। यहां एफसीआई की ओर से अलग-अलग राज्यों में गेहूं भेजने के बाद 1,57,151 बोरियां गेहूं (वजन 78348.38780 क्विंटल) बकाया बचती थीं।
जांच में पता लगा कि ग्लोब्स कंपनी ने पहले ही करीब 165 क्विंटल गेहूं उक्त स्टोर में से निकाल कर खुर्द-बुर्द कर दिया। जिसकी अंदाजन कीमत 4,50,000 रुपये बनती है। आरोपियों ने इसको पूरा करने के लिए और अन्य गेहूं खुर्द-बुर्द करने के इरादे से मिलीभगत करके गेहूं पर पानी डाल कर उसका वजन करीब 875 ग्राम प्रति क्विंटल बढ़ा दिया।
इस तरह इन आरोपियों ने करीब 685 क्विंटल गेहूं का वजन बढ़ा कर उसको भी खुर्द-बुर्द करना था, जिससे सरकार का करीब 19 लाख रुपये का घाटा होना तय था। ऐसा करके लोगों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ किया जाना था। इस चेकिंग के दौरान गेहूं की बोरियों पर पानी डालने का वीडियो फुटेज भी प्राप्त हुआ। जिस कारण इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।