एक युवक द्वारा शिवलिंग पर बीयर डालने का वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मच गया है। वीडियो देखकर इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले लोगों का कहना है कि आरोपी इसी कॉलोनी का रहने वाला है। वह सब्जी बेचने का काम करता है। इंदिरा कॉलोनी के 28 लोगों ने आईटी पार्क थाना पुलिस को उसके खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। वीडियो में एक अन्य युवक भी दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार को वीडियो देखने के बाद श्री हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी टीम के साथ आईटी पार्क थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। उनके साथ चंडीगढ़ संयुक्त रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रोहित शर्मा, श्री हिंदू तख्त चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार दुबे और श्री हिंदू तख्त के सैकड़ों कार्यकर्ता आईटी पार्क पहुंच गए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
डीएसपी एसपीएस सोंधी भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी शिकायत उन्हें दी। तिवारी ने यह भी कहा कि अगर प्रशासन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगा तो जगतगुरु पंचानंद गिरी महाराज जी के दिशानिर्देशों पर अगली रणनीति बनाई जाएगी। दुबे ने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं संयुक्त रामलीला कमेटी के अध्यक्ष समाजसेवी रोहित शर्मा ने कहा कि बीयर डालने वालों की गहराई से जांच होनी चाहिए। श्री हिंदू तख्त चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी पंचम चौहान ने सभी हिंदू संगठनों का कहा इसी तरह कहीं भी अगर सनातन की बेअदबी होती है तो साथ मिलकर चलना होगा और दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलवाने के लिए वचनबद्ध होना पड़ेगा।
मामले की जांच आईटी पार्क थाना को सौंपी गई है। जांच की जा रही है कि वीडियो कहां की है। वीडियो में इस तरह की हरकत करने वाला युवक और उसके साथी कौन है। इसके लिए साइबर सेल द्वारा भी कार्रवाई की जा रही है। साइबर सेल जांच कर रही है की यह वीडियो कब और किसके मोबाइल से वायरल की गई। -एसपीएस सोंधी, डीएसपी