ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के फीमेल चेंजिग रूम में मोबाइल के कैमरे से महिला डॉक्टरों का बनता था एमएमएस। इस सनसनीखेज वारदात को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के फीमेल चेंजिग रूम में अंजाम दिया जाता था।
एनेस्थीसिया डिपार्टमेंट की एक डॉक्टर ने इस कैमरे को पकड़ा। जांच में पता चला कि ठेके पर काम कर रहे एक सफाई कर्मचारी ने लाउंड्री बैग में छेद कर यह मोबाइल कैमरा फिट किया था और इसमें दो घंटे की रिकार्डिंग थी।
हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मोबाइल को जांच के लिए सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (सीएफएसएल) भेज दिया गया है।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज के सी ब्लॉक में दूसरे तल पर ओटी का फीमेल चेंजिग रूम है। शनिवार शाम साढ़े छह बजे ऑपरेशन खत्म होने के बाद लेडी डॉक्टर गाउन चेंज करने गई।
इस दौरान पाया कि लाउंड्री बैग में सुराग कर उसमें मोबाइल कैमरा फिट किया गया है और रिकार्डिंग चल रही है। उन्होंने अपने डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी और फिर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट व डायरेक्टर को सूचना दी गई।