मेयर हरप्रीत कौर बबला ने 40 करोड़ की सड़क सुधार परियोजना को दी शुरुआत
सर्वे में चिह्नित बहुत खराब और खराब सड़कों पर शुरू हुआ पहला चरण
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर की टूटी-फूटी सड़कों को सुधारने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 40 करोड़की लागत वाली सड़क सुधार परियोजना की शुरुआत शुक्रवार को मेयर हरप्रीत कौर बबला ने की। निगम ने दावा किया है कि अगले एक महीने में बहुत खराब श्रेणी में आने वाली सभी सड़कें नई सूरत में नजर आएंगी।
अमर उजाला ने शहर की जर्जर सड़कों पर लगातार मुद्दा उठाया था जिसके बाद नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए। इसके बाद 40 करोड़ रुपये का बजट सड़क सुधार के लिए जारी किया गया। निगम ने 11 टेंडर जारी किए जिनमें से अधिकतर फाइनल हो चुके हैं। मेयर ने शुक्रवार को सेक्टर-29 की वी-6 सड़कों से कार्य की शुरुआत की।
मेयर हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि निगम ने पहले सभी सड़कों का सर्वे और तकनीकी मूल्यांकन कराया था। रिपोर्ट के आधार पर सड़कों को तीन श्रेणियों बहुत-बहुत खराब, बहुत खराब और खराब में बांटा है। पहले चरण में वी-4, वी-5 और वी-6 कैटेगरी की सड़कों पर रिकारपेटिंग का काम शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कों का सीधा असर नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ता है। इसलिए काम को योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। दिवाली से पहले सीमित इलाकों में कार्य होगा ताकि ट्रैफिक प्रभावित न हो। दिवाली के बाद गति बढ़ाई जाएगी और एक महीने के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
गुणवत्ता पर निगरानी
नगर निगम ने सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी तंत्र भी तैयार किया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना न केवल शहर की सूरत बदलेगी बल्कि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ और बेहतर सड़कों का लाभ देगी।