साध्वी यौन शोषण केस में 25 अगस्त को राम रहीम पर फैसले से पहले पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तत्काल प्रभाव से इंटरनेट बंद कर दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब गवर्नर हाउस में हुई तीनों राज्यों की कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके लिए गृह सचिव राम निवास ने आदेश जारी कर दिए हैं। यह सेवाएं 72 घंटे के लिए बंद रखी जाएंगी।
एक लाख डेरा समर्थक पहुंचे पंचकूला
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की पेशी को लेकर पंचकूला में लाखों की संख्या में समर्थक उमड़ रहे हैं। जिसके चलते कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। हालांकि अंबाला से आने वाली बसें रोक दी गई हैं, लेकिन ट्रेनों के जरिए समर्थक पंचकूला पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि समर्थकों में ज्यादा संख्या महिलाओं की है। बुधवार शाम तक शाम तक पंचकूला के अलग अलग क्षेत्रों में एक लाख से अधिक समर्थक पहुंच चुके हैं, जिनकी तादाद लगातार बढ़ रही है।
मुख्य गवाह, जज और कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई
25 अगस्त को फैसले के चलते पुलिस ने मामले के मुख्य गवाह खरड़ निवासी खट्टा सिंह की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है, जिससे शरारती तत्व उन्हें नुकसान न पहुंचा सकें। खट्टा सिंह सच्चा सौदा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के ड्राइवर रहे चुके हैं और इस मामले के मुख्य गवाह हैं। वहीं केस को जज को भी कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। कोर्ट के आसपास भी चाक चौंबंद सुरक्षा कर दी गई है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में धारा 144 लगाई गई
Ram Rahim Rape case verdict
हरियाणा में धारा 144, सुरक्षा बलों की 43 कंपनियां तैनात
राम रहीम पर फैसले से पहले ही हालात इतने नासाज हो गए हैं कि हरियाणा में धारा 144 लागू कर दी गई है। 43 सुरक्षा बलों की कंपनियां चप्पे चप्पे पर तैनात हैं। सेना की खुफिया शाखा ने भी हालात पर नजर रखनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी मंत्रियों और भाजपा विधायकों को फील्ड में उतार दिया है। बुधवार को सीएम ने सभी को अपने-अपने हलकों में पहुंचकर जनता से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वे डेरा अनुयायियों, समर्थकों और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करें। किसी बहकावे में न आने को लेकर समझाएं। डेरा सच्चा सौदा के संपर्क में भी रहें और शांति बनाए रखने के लिए प्रयास जारी रखें। 25 अगस्त तक पंचकूला में स्कूल, कॉलेज बंद। ऑफिस बंद, कोर्ट बंद।
पंजाब में धारा-144, पैरामिलट्री फोर्स की 75 कंपनियां
बुधवार को पूरे पंजाब में धारा-144 लगा दी गई। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मांग पर फिलहाल पैरामिलट्री फोर्स की 75 कंपनियां राज्य में पहुंच चुकी है। डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश इंटेलिजेंस की ओर से कुछ इनपुट मिला है कि कुछ शरारती तत्व फैसले के दिन प्रदेश में गड़बड़ी फैला सकते हैं। हरियाणा से सटे तमाम पंजाब के जिलों में अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी गई है और हरियाणा से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। स्कूल -कॉलेज 25 अगस्त को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। निजी गन हाउसों को अगले आदेश तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात 1000 पुलिसकर्मियों को हटाकर फील्ड में तैनात करने के आदेश जारी किए गए हैं।
चंडीगढ़ में धारा 144, सुरक्षा 5000 जवानों के हाथ में
चंडीगढ़ पुलिस और प्रशासन ने भी हर परिस्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। चंडीगढ़ पुलिस केपांच हजार जवानों के अतिरिक्त चंडीगढ़ ने केंद्र से कुछ पैरामिलट्री फोर्स की टुकड़ियां मांगी है। स्कूलों की भी छुट्टी कर दी गई है। चंडीगढ़ के पंजाब, हरियाणा और हिमाचल से जुड़े बार्डर मार्गों पर भी एरिया थाना प्रभारियों व एसडीएम की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स व चंडीगढ़ पुलिस के क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को यहां स्पेशल ड़यूटी पर तैनात रखा जाएगा। सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम को 25 अगस्त के लिए अस्थायी जेल बनाने के आर्डर किए गए हैं। ताकि जरूरत पड़ने पर 10 हजार तक हुड़दंगियों को यहां बंदी बनाकर रखा जा सके। 25 अगस्त को सेक्टर-16 क्रि केट स्टेडियम के इर्द-गिर्द करीब 250 से 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।