चंडीगढ़। वाहन चोरी के सभी मामलों में अब ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया। एफआईआर दर्ज करवाने के लिए लोगों को अब थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। चंडीगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज करवा सकते हैं। ई-एफआईआर दर्ज होने से कार से संबंधित हर जानकारी उन्हें मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने डीजीपी प्रवीर रंजन को ई-एफआईआर के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। मनीमाजरा मोरी गेट निवासी केवल कृष्ण (37) की शिकायत पर कार चोरी की चंडीगढ़ पुलिस ने पहली ई-एफआईआर दर्ज की है। केवल कृष्ण ने बताया कि उन्होंने अपनी जेन कार (एचआर03जी-9236) घर के पास खड़ी की थी, जिसे किसी ने रात के समय चोरी कर लिया गया। मनीमाजरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
ऑनलाइन ही होंगे दस्तख्त
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता को चंडीगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना है। इसके लिए शिकायतकर्ता को कार से संबंधित जानकारी भरनी है। इसके बाद शिकायतकर्ता के ऑनलाइन ही दस्तख्त होंगे। मोबाइल पर ओटीपी आएगा। ओटीपी भरने के बाद शिकायत दर्ज हो जाएगी।
पुलिस नहीं करती थी एफआईआर दर्ज
ई-एफआईआर की व्यवस्था शुरू होने के बाद पुलिस को तुरंत वाहन चोरी का केस दर्ज करना पड़ेगा। इससे पहले पुलिस अपराध को छिपाने के लिए काफी समय तक एफआईआर दर्ज नहीं करती थी और शिकायतकर्ताओं को थानों के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन, अब घर बैठे आसानी से ई-एफआईआर दर्ज करवा सकते हैं।