चंडीगढ़। शहर में 16 जनवरी से कोरोना वायरस के वैक्सीन वितरण का प्रोग्राम शुरू हो जाएगा। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक की। इसमें चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर, उनके सलाहकार मनोज परिदा, गृह व स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शहर में वैक्सीन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पहले ही ड्राई रन को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बताया कि शहर में 16 जनवरी से कोरोना की वैक्सीन देने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सबसे पहले निजी व सरकारी स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मचारी, सैन्य बल, पुलिस और केंद्रीय बल, होम गार्ड, डिजास्टर मैनेजमेंट वालंटियर, सिविल डिफेंस के जवान, कंटेनमेंट और निगरानी से जुड़े कर्मचारी, रेवेन्यू कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 50 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को और 50 वर्ष से नीचे के उन बीमार लोगों को जिनको संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा है, उनको टीका लगाया जाएगा। परिदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों को निर्देश दिए हैं कि वैक्सीनेशन के आंकड़े समय पर अपडेट किए जाने चाहिए।