चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मुकाबले में चंडीगढ़ को 5 विकेट से शिकस्त दी। यह मैच रविवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ की टीम अपनी पहली पारी में 170 रन पर सिमट गई। उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में अक्षु बाजवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 56 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि विजय कुमार ने 51 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
जवाब में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 260 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। काव्या तेओतिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 99 रन बनाए, जबकि अक्षु बजवा ने 91 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। चंडीगढ़ के ऑफ स्पिनर निशुंक बिरला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट लेकर मुकाबले में अपनी टीम को बनाए रखा।
पहली पारी के आधार पर 90 रन से पिछड़ने के बाद चंडीगढ़ ने दूसरी पारी में 185 रन बनाए। दुष्यंत ने 45 रन की अहम पारी खेली। उत्तर प्रदेश के लिए विजय कुमार और शुभम मिश्रा ने 4-4 विकेट चटका कर चंडीगढ़ को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। मैच में 96 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश ने 5 विकेट के नुकसान पर 99 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। रितुराज शर्मा ने नाबाद 63 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की
सीके नायडू ट्रॉफी में चंडीगढ़ का अभी तक सफर खराब रहा है। चंडीगढ़ ने ट्रॉफी के डी ग्रुप में खेले गए 5 मैचों के बाद सबसे आखिरी नंबर 7 वें पायदान पर बनी हुई है। इस ग्रुप में कुल 7 टीमें हैं।