पराली से सीएनजी, बिजली और अन्य ऊर्जा संसाधन पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मीत हेयर ने कहा कि नए फैसले के अंतर्गत ईंट के भठ्ठों में पराली के ईंधन के रूप में 20 प्रतिशत प्रयोग से पराली के प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को भी पराली बेचकर आर्थिक मदद मिलेगी। नए प्रबंधन के लिए पर्यावरण एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ईंट के भठ्ठे वालों के लिए हर तकनीकी सहायता मुहैया करवाई जाएगी। जारी अधिसूचना के तहत इन हिदायतों के पालन का निर्देश सभी उपायुक्तों को दिया गया है।
रेल से केरल जाएगी पंजाब की पराली
पंजाब की पराली अब रेल से केरल जाएगी। समुद्र तटीय राज्य केरल ने पशुचारे के लिए पंजाब से पराली की मांग है। हाल ही में केरल के एक 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने वहां की पशुपालन मंत्री जे चिनचुरानी की अगुवाई में पंजाब का दौरा किया था, जिसमें उन्होंने पराली को चारे के रूप में इस्तेमाल करने की बात रखी थी।
चारे की किल्लत से जूझ रहे केरल के लाखों किसानों को पंजाब की पराली से फायदा होगा। जल्द ही पंजाब से मालगाड़ी के जरिये पराली केरल भेजी जाएगी। राज्य में हर साल लगभग दो करोड़ टन पराली की पैदावार होती है। इन दिनों पराली जलाने को लेकर पंजाब पर हरियाणा समेत केंद्र सरकार लगातार आरोप लगा रही है। इसी बीच पराली को लेकर केरल के साथ हुए करार को पंजाब सरकार का बड़ा फैसला माना जा रहा है। तटीय राज्य केरल में कृषि योग्य जमीन कम होने के कारण पशुओं के लिए अपेक्षित चारा पैदा नहीं हो पाता है, जिसकी वजह से केरल ने पंजाब से पराली लेने का फैसला किया है।