केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा है कि सिख श्रद्धालुओं को पांचों तख्तों के दर्शन कराने के लिए ट्रेन का एलान कर केंद्र सरकार ने दूसरा तोहफा दिया है। इससे पहले करतारपुर कॉरीडोर खोल कर तोहफा दिया गया था। हरसिमरत ने कहा कि उनकी कोशिशों के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सिखों की लंबे समय से आ रही मांग को हरी झंडी दे दी।
पंज तख्त एक्सप्रेस 14 जनवरी 2019 से शुरू होगी। यह गाड़ी सिखों के लिए परमात्मा का दूसरा वरदान है। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर करतारपुर कॉरिडोर खुलने के साथ सभी तख्तों की आसान यात्रा की सहूलियत भी प्राप्त हो गई है। खासतौर पर कम समय के लिए भारत आने वाले प्रवासी सिखों की सभी तख्तों की परिक्रमा करने की मुराद पूरी हो सकेगी।
वे पहले ही अपनी रिजर्वेशन करवा सकेंगे। पंज तख्त एक्सप्रेस सफदरगंज स्टेशन दिल्ली से चलेगी। दूसरे दिन हुजूर साहिब नांदेड़, पांचवे दिन पटना साहिब, सातवें दिन आनंदपुर साहिब, फिर अमृतसर होकर नौवें दिन दिल्ली पहुंचेगी। एसी ट्रेन का किराया 15750 रुपये होगा।