अमृतसर में संगत घर पर हमले और मूसा की पंजाब में मौजूदगी की चर्चा के बीच सूबे में हाई अलर्ट घोषित है। इसी बीच अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित करतारपुर में शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने डिंपल नामक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
वारदात उस समय घटी, जब डिंपल (35) पुत्र मनजिंदर सिंह करतारपुरिया अपनी दुकान साई आर्ट गैलरी में बैठा हुआ था। उसकी दुकान में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने मुंह पर कपड़े बांध रखे थे। दुकान में घुसते ही उनमें से एक ने डिंपल पर तीन गोलियां दाग दीं। डिंपल की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। गोलियों की आवाज से वहां अफरा तफरी मच गई। दहशत के कारण किसी ने भी हमलावरों का पीछा नहीं किया।
सूचना पाकर आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावरों का चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि डिंपल की हत्या रंजिश में या सुपारी देकर करवाई गई है। दुकानदार डिंपल के खिलाफ लुधियाना में केस विचाराधीन है। ऐसे में पुलिस के शक की सूई उस तरफ घूम गई है। बहरहाल, पुलिस की तरफ से करतारपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।