केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मिलते अरुण सूद।
- फोटो : अमर उजाला
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में सड़ा गेहूं बांटने का मामला अब केंद्रीय खाद्य मंत्रालय तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में हुई बड़ी चूक पर केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना को लेकर शहर में बरती गई लापरवाही और उसकी वजह से हजारों लोगों तक जो सड़ा गेहूं पहुंचा, उसकी जानकारी प्रदेश के भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने खराब गेहूं की तस्वीरें और वीडियो केंद्रीय मंत्री को दिखाया, जिसे देख गोयल हैरान रह गए।
यह पढ़ें: पंजाब: सिद्धू ने बजा ही दी कांग्रेस की ईंट से ईंट, 68 दिन की अध्यक्षी में एक सरकार गिराई, दूसरी बनवाई, अब खुद छोड़ा साथ
खराब गेहूं नहीं पहुंचेगा गरीबों तक
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तुरंत एफसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी को फोन किया और पूछा कि चंडीगढ़ में खराब गेहूं कैसे पहुंचा। साथ ही पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि एफसीआई की गलती से ही सड़ा गेहूं चंडीगढ़ पहुंचा है। खराब अन्न का एक दाना भी गरीबों तक पहुंचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सूद को आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही जिन लोगों तक खराब गेहूं पहुंचा है, उसे वापस लिया जाएगा।
प्रशासन ने भी लिखा-एफसीआई ने कराई बदनामी, तय हो जिम्मेदारी
खराब गेहूं के मामले में प्रशासन ने भी एफसीआई को लिखा है कि वह उन अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करे, जिनकी लापरवाही की वजह से चंडीगढ़ में खराब गेहूं पहुंचा है। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने बताया कि उन्होंने एफसीआई को इस संबंध में पत्र लिखा है, क्योंकि ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों की वजह से चंडीगढ़ का नाम बदनाम हुआ है। नियमानुसार कार्रवाई की भी बात कही गई है। एफसीआई से राजपुरा का गोदाम भी बदलने की मांग की थी, जहां से सड़ा गेहूं भेजा गया था। इसके बाद अपने दो कर्मचारियों को भी एफसीआई में तैनात किया है।
यह भी पढ़ें: सिद्धू पर बरसा विपक्ष: सुखबीर बादल ने कहा- मिस गाइडेड मिसाइल, भाजपा बोली- मानसिक स्थिति ठीक नहीं
शहर में खराब गेहूं बांटने के मामले में भाजपा गंभीर है। मैं केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल से मिला और उन्हें मामले की पूरी जानकारी दी है। खराब गेहूं की तस्वीरें और वीडियो भी दिखाया। उन्होंने एफसीआई के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट भी मांगी है। गोयल ने कहा है कि खराब अन्न का एक दाना भी गरीबों तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा। -अरुण सूद, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा