पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से ट्रेडिशनल कोर्स यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल (यूबीएस), यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युस्टिकल साइंसेज (यूआईपीएस), डॉ. एसएस भटनागर यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल एंड टेक्नोलॉजी (यूआईसीईटी) और डिपार्टमेंट ऑफ लॉ की फीस में पहली बार अन्य ट्रेडिशनल कोर्सों से अलग 15 प्रतिशत की आगामी सत्र 2023-24 से फीस बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।
ये नया फीस स्ट्रक्चर पहले वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू होगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि इन कोर्सों में प्रोफेशनल डिग्रियां करवाई जाती हैं, जिनकी आसपास के कॉलेजों व यूनिवर्सिटी में काफी ज्यादा फीस है, इसलिए फीस बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।
अधिकतम 7500 रुपये तक बढ़ाई जा सकती है फीस
पीयू सिंडिकेट की ओर से फीस बढ़ोतरी के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज में 7.5 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी का फैसला लिया है। इसमें अधिकतम 7500 रुपये तक फीस बढ़ाई जा सकती है। वहीं ट्रेडिशनल कोर्सेज में विज्ञान और आर्ट्स के यूबीएस, यूआईपीएस, यूआईसीईटी और लॉ को छोड़कर अन्य कोर्सों में 500 रुपये प्रतिवर्ष फीस बढ़ोतरी की जाएगी।
ऑनगोइंग कोर्स में होगी 5 फीसदी फीस बढ़ोतरी
पीयू में ट्रेडिशनल कोर्स में दूसरे साल में आने के बाद छात्र की फीस में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही 500 रुपये प्रति वर्ष ट्रेडिशनल कोर्स के डिपार्टमेंट में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए फीस ली जाएगी। इसी तरह सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज में भी दूसरे वर्ष में आने के बाद छात्र की फीस में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, यह फीस भी 7500 रुपये से अधिक नहीं बढे़गी। इसके अलावा ऑनगोइंग कोर्सेज (सेल्फ फाइनेंस और ट्रेडिशनल कोर्स) में 5 प्रतिशत की फीस बढ़ोतरी की जाएगी।