गंगानगर (राजस्थान) से लुधियाना के सोमसर स्थित गुरुद्वारा साहिब में कार सेवा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे कैंटर का अगला टायर फट गया। कैंटर पलटने से करीब 34 श्रद्धालुओं को चोटें आईं। कैंटर में करीब 65 श्रद्धालु थे।
यह हादसा बठिंडा के गांव कालझरानी के पास हुआ। घायलों में शामिल 29 लोगों को गांव बादल और पांच को बठिंडा के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
गंगानगर जिले से संबंधित करीब 65 श्रद्धालु कैंटर के जरिये शनिवार को सोमसर (लुधियाना) के गुरुद्वारा साहिब में कार सेवा को जा रहा थे। गांव कालझरानी के पास अचानक कैंटर का अगला टायर फटने से संतुलन बिगड़ गया। इससे बेकाबू हुआ कैंटर पलट गया।
हादसे में 34 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से बादल व बठिंडा के अस्पतालों में दाखिल कराया गया।
बठिंडा के अस्पताल में दाखिल घायलों में शामिल बलविंदर सिंह निवासी सादुल शहर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हरप्रीत सिंह और अमरदीप सिंह निवासी सादुल शहर को गंभीर हालत में अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
वहीं मनोज निवासी चक्क महराज सादुल शहर, राजा सिंह बठिंडा के सिविल अस्पताल में दाखिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मलोट के एसडीएम बिक्रमजीत शेरगिल ने बादल सिविल अस्पताल का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना।