नारायणगढ़-साढ़ौरा मार्ग पर बुधवार देर रात एक बाइक रोड पर आगे चल रही रेहड़ा-बुग्गी में जा घुसी। हादसे में बाइक पर गांव डैहर निवासी एक किशोर और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सेक्टर 32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। इस हादसे के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव डैहर निवासी अमन (21) पुत्र जयसिंह, विक्की (18) पुत्र बलदेव और गजेंद्र राणा (16) पुत्र जसबीर बुधवार देर शाम को नारायणगढ़ से अपने गांव आ रहे थे। इसी दौरान गांव डैहर से पहले पुल के पास अंधेरे में दिखाई न देने के कारण आगे जा रही रेहड़ा-बुग्गी में पीछे से बाइक जा घुसी।
हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तीनों को उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने अमन व गजेंद्र राणा को मृत घोषित कर दिया। विक्की को गंभीर हालत में सेक्टर 32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
पुलिस जांच अधिकारी मेमा सिंह के अनुसार यह इत्तफाकिया हादसा था। खुद रेहड़ा-बुग्गी में पीछे टक्कर मारने पर दो की मौत हुई है और तीसरा गंभीर हालत में घायल हुआ है। इस पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर दोनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। इस हादसे में गजेंद्र राणा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम छा गया।