सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत होगा ट्रायल
मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
चंडीगढ़। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा के दो गांवों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत बिजली से सोलर ऊर्जा पर शिफ्ट किया जाएगा। प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अन्य गांवों में भी इसे शुरू किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने दी। वे सोमवार को यहां बिजली निगमों में लाइन लॉस कम करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने को लेकर बिजली निगमों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के दो गांवों को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पूर्ण रूप से सोलर एनर्जी पर निर्भर करने के लिए कहा है। हरियाणा सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। संजीव कौशल ने कहा कि हरियाणा के बिजली निगमों की ओर से राज्य के 5805 गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई की जा रही है। बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से 24 घंटे बिजली सप्लाई मुहैया करवाने के लिए उत्तर और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 2245 फीडरों को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि फीडर कार्यों की माइक्रो स्तर पर लगातार निगरानी की जाए। इसके अलावा म्हारा गांव-जगमग गांव योजना की भी नियमित तौर पर समीक्षा की जाए। बैठक में बिजली निगमों के अध्यक्ष पीके दास, अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, बिजली निगमों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।