पंजाब के पठानकोट में सैन्य वर्दी में दो संदिग्ध व्यक्ति मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे खड्डी पुल स्थित महाराणा प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचे। उनके जाने के बाद स्कूल की महिला कर्मचारी ने इसकी सूचना प्रिंसिपल को दी।
प्रिंसिपल से जानकारी मिलने पर स्कूल चेयरमैन ने करीब दस बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर डीएसपी मनोज कुमार ने थाना डिवीजन नंबर एक के एसएचओ विपन कुमार और थाना मामून के प्रभारी रजिंद्र मन्हास की टीम के साथ सर्च अभियान चलाया और महिला कर्मी से पूछताछ की।
स्कूल की कर्मचारी नरेश कुमारी ने बताया कि वह सुबह सवा सात बजे काम कर रही थी। इस दौरान सैन्य वर्दी में दो व्यक्ति स्कूल के पीछे जंगल से होते हुए तार फांद कर अंदर दाखिल हुए। जब उन दोनों व्यक्तियों ने उसे देखा तो प्रिंसिपल के कमरे के बारे में पूछा। इसके बाद वह दोनों प्रिंसिपल के कमरे में बैठ गए और पीने के लिए पानी मांगा।
पानी पिलाने के बाद जब वह गिलास रखने के लिए बाहर गई तो दोनों व्यक्तियों ने पूरे स्कूल की ओर अपनी नजर दौड़ानी शुरू कर दी। इसके अलावा स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सहित स्कूल में होने वाली गतिविधियों के बारे में उससे पूछना शुरू कर दिया। नरेश कुमारी ने बताया कि पूछताछ करने के बाद वह दोनों व्यक्ति दोबारा उसी रास्ते से वापस चले गए।
उनके जाने के तुरंत बाद उसने स्कूल प्रिंसिपल को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी सिटी मनोज कुमार ठाकुर, एसपीडी जसपाल सिंह, थाना डिवीजन नंबर एक के एसएचओ विपन कुमार, थाना मामून एसएचओ रजिंद्र मन्हास ने सर्च अभियान शुरू कर आस-पास के लोगों से पूछ-ताछ करनी शुरू की। इस मौके पर कांग्रेस किसान व खेत मजदूर सैल के चेयरमैन अमित मंटू व राहुल शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
देखने में लगते थे ऐसे संदिग्ध: महिला कर्मचारी नरेश कुमारी ने बताया कि स्कूल में जो दो व्यक्ति आए थे, वह करीब 6-6 फीट के थे और उन्होंने सेना की वर्दी पहनी हुई थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी पीठ पर बैग डाले हुए थे और विभिन्न भाषाओं में बात कर रहे थे। इतना ही नहीं उनकी दाढ़ी बड़ी-बड़ी थी।