एक निजी टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही के कारण दो छात्रों की जान पर बन आई। निजी कंपनी के कर्मचारी केबल बिछा रहे थे और तार नीचे लटका हुआ था। उसी समय घर लौट रहे स्कूटर चालक छात्र के गले में तार फंस गई और वो बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एमकॉम प्रथम वर्ष का छात्र मनन चोपड़ा एक्टिवा स्कूटर पर कॉलेज से अपने दोस्त के साथ पीजी लौट रहा था। जैसे ही वह सेक्टर 32 आईटीबीपी कांप्लेक्स के पास पहुंचा तो वहां एक टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी केबल डाल रहे थे। एक केबल जमीन की ओर ढीली होकर लटकी हुई थी।
मनन जब वहां से गुजरा तो केबल उसके गले से लिपट गई। इसके कारण मनन का गला घुट गया और वह वहीं पर गिर गया। जिससे उसके हाथ और पैरों में भी चोटें आईं। हादसे में पीछे बैठा उसका दोस्त भी मामूली रूप से घायल हो गया।
मनन के पिता संदीप चोपड़ा ने बताया कि हादसे के बाद काम कर रहे कर्मचारियों ने मौके से खिसकने की कोशिश की। बेटे ने खुद ही पीसीआर को बुलाया। पीसीआर ने घायल को जीएमसीएच-32 अस्पताल पहुंचाया। शाम को मनन को उसके पिता करनाल ले गए।
कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगा था
संदीप का कहना था कि जिस समय सड़क पर केबल डालने का काम चल रहा था सड़क पर कोई कंपनी की तरफ से साइन बोर्ड लगाया गया था और ना ही कोई कर्मचारी ट्रैफिक को चल रहे काम की जानकारी देने के लिए तैनात किया गया था। परिजनों का कहना था कि टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही है। पुलिस प्रशासन को कंपनी पर सख्त एक्शन लेना चाहिए।