चेतन भगत की असल जिंदगी पर आधारित नावेल है ‘टू स्टेट्स’। इसमें उनकी जिंदगी के कई खास क्षण हैं। अब इस नॉवेल के नाम पर ही बन रही है ‘टू स्टेट्स’ फिल्म। इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं अर्जुन कपूर और आलिया भट्ट। इसकी प्रमोशन के सिलसिले में आलिया बुधवार शाम चंडीगढ़ में थीं।
बुधवार शाम जेडब्ल्यू मैरिएट-34 में आलिया ने फिल्म को लेकर पत्रकारों से वार्ता की। मशहूर लेखक चेतन भगत की 2009 में लिखी नावेल ‘टू स्टेट्स’ पर आधारित इस फिल्म के बारे में आलिया ने बताया कि उन्होंने भी फिल्म की शूटिंग में काफी मदद की। फिल्म में जरूरत के हिसाब से असल कहानी से कुछ सीन कम किए गए हैं।
फिल्म के रोल में तमिल लड़की अन्नया स्वामीनाथन का किरदार निभाना थोड़ा मुश्किल था। इसके लिए आलिया ने तमिल भी सीखी। हालांकि फिल्म में बहुत कम जगह तमिल का इस्तेमाल किया गया।
किरदार निभाने में एक और दिक्कत थी और वह थी साथ में हाइवे फिल्म की शूटिंग। हाइवे फिल्म में मेरा किरदार इसके एकदम उल्टा था।
आलिया ने बताया कि वह टू स्टेटस नावेल बहुत पहले ही पढ़ चुकी थीं। जब इस फिल्म का ऑफर आया तो यकीन ही नहीं हुआ। साथ ही खुशी भी थी कि इसका लीड किरदार करने का मौका मिला। हाइवे के बाद अदाकारी में एक नया विश्वास आया है अब अपने किरदार के लिए और भी गंभीर हो गई हूं।
चेतन भगत की नावेल की चौथी फिल्म
बॉलीवुड के लिए आज तक चेतन भगत ने लिखा नहीं है, लेकिन फिर भी वह बॉलीवुड में हिट हैं। चेतन की लिखी चार नावेलस पर फिल्में बन चुकी हैं।
इनमें ‘ए नाइट एट ए काल सेंटर’ (नावेल भी इसी नाम से), थ्री इडियट्स ( फाइव प्वाइंट समवन), काई पो चे (3 मिस्टेक्स ऑफ माइ लाइफ) और अब टू स्टेट्स (नावेल भी इसी नाम से) आ रही है। चेतन भगत अभी तक छह किताबें लिख चुके हैं।
इनमें से उनकी फाइव प्वाइंट समवन की कहानी पर आधारिक फिल्म थ्री इडियट्स बॉलीवुड में कई मुकाम हासिल कर चुकी है।