मिलिट्री ग्राउंड में शुक्रवार सुबह रॉकेट लांचर के दो गोले मिले। शुरुआती जांच में यही लग रहा है कि किसी कबाड़ी या स्क्रैप डीलर के स्क्रैप में यह गोले आ गए होंगे और उसने इन्हें चुपके से मिलिट्री ग्राउंड में सुनसान जगह पर फेंक दिया होगा। फिलहाल पुलिस ने दोनों गोलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी स्थित मार्केट कमेटी के दफ्तर के ठीक पीछे शुक्रवार सुबह एक महिला कूड़ा बीन रही थी। इस दौरान उसे वहां दो गोले दिखाई दिए। उसने मार्केट कमेटी के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। कर्मचारियों ने सिटी- 2 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसएचओ सिटी 2 हरविंदर सिंह खेहरा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोलों को वहां से उठाकर मार्केट कमेटी दफ्तर के एक कोने में गड्ढा खोदकर रखवा दिया।
यह भी पढ़ें- उम्मीद: रोहतक पीजीआई में कोरोना वैक्सीन का ट्रायल शुरू, तीन लोगों को दी गई डोज, सभी का स्वास्थ्य ठीक
सूत्रों के अनुसार दोनों गोले डिफ्यूज हैं लेकिन फिर भी पुलिस एहतियात के साथ काम कर रही है। मौके पर गारद को भी तैनात किया गया है। इसके साथ पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से मिलिट्री ग्राउंड की तलाशी भी ली लेकिन इन दो गोलों के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिला। अब पुलिस आसपास के कबाड़ियों से पूछताछ कर रही है।