पटियाला-सरहिंद रोड पर मंगलवार देर रात कार और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में थापर कॉलेज के छात्र समेत ट्रैक्टर-ट्राली चालक की मौत हो गई। छात्र के दो दोस्त गंभीर घायल हो गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
मामले के जांच अधिकारी पुलिस चौकी फग्गनमाजरा के एसआई जतिंदरपाल ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 12 बजे पटियाला के शेरां वाला गेट निवासी अमरिंदर सिंह (22) जो पटियाला के थापर कॉलेज में इंजीनियरिंग का स्टूडेंट है।
वह अपने दो दोस्तों जसकरन भुल्लर व प्रीत भुल्लर निवासी दशमेश नगर के साथ आई-20 कार में फतेहगढ़ साहिब के गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने जा रहा था। रास्ते में पटियाला-सरहिंद रोड पर ट्राइकोन सिटी के पास उनकी कार ने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जोरदार टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि कार को जसकरन भुल्लर चला रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही अमरिंदर सिंह व ट्रैक्टर-ट्राली चालक बलविंदर सिंह (38) निवासी गांव जालखेड़ी जिला फतेहगढ़ साहिब की मौत हो गई। जसकरन व प्रीत भुल्लर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक तूड़ी डालकर वापस अपने गांव जालखेड़ी जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पटियाला के अमर अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में जिस छात्र अमरिंदर सिंह की मौत हुई है वह पटियाला में एक पत्रकार जगजीत सिंह सग्गू का बेटा है।