मोहाली का सेक्टर-68 पॉश इलाकों में गिना जाता है। जमातियों की मौजूदगी और उसके बाद दो जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया है। नगर निगम की टीम पूरे एरिया को आइसोलेट कर रही है। उधर, इन जमातियों की ओर से सहयोग नहीं मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को इनके संपर्क में आए लोगों को तलाशने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
22 की रिपोर्ट आना बाकी, 25 सैंपल और भेजे
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जमातियों के संपर्क में आए लोगों को तलाशने की कोशिश की जा रही है। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री समेत संपर्क को पता करने की कोशिश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को पहले कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आने वाले 25 लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं। वहीं, 22 की रिपोर्ट आना बाकी है।
जगतपुरा में 48 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
उधर, कोरोना पॉजिटिव पाए गए जगतपुरा निवासी 55 साल के व्यक्ति के संपर्क में आए 48 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी तरह एक अन्य कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले 14 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।