चंडीगढ़। सेक्टर- 25 स्थित श्मशानघाट के नजदीक दो बदमाश डड्डूमाजरा निवासी एक युवक से दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात को उस दौरान अंजाम दिया, जब युवक रिश्तेदार से मिलकर वापस घर जा रहा था। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अनिल उर्फ लीलू, विनीत उर्फ मोटा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
पुलिस को दी शिकायत में 19 वर्षीय आकाश ने बताया कि वह वीरवार को सेक्टर-25 में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर मिलने गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पैदल अपने घर लौट रहा था। उक्त सेक्टर के श्मशानघाट के पास पहुंचा तो दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने जेब से जबरन दो हजार और जरूरी दस्तावेज छीन लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि लीलू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी पांच मामले दर्ज हैं।