चंडीगढ़। शहर में सक्रिय गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सेल ने लक्की पटियाल गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो कट्टे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी चिन्नी मर्डर केस में भी गैंग की मदद कर चुके हैं। ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर जसपाल और हरिंदर सेखों के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को सेक्टर-26 क्षेत्र में नाकाबंदी कर दोनों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान पंचकूला के बरवाला निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू के पास से एक कट्टा और दो कारतूस मिले, जबकि मोहाली निवासी साहिल (30) के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दीपक नशे का आदी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और ट्राइसिटी में उसके लिए काम कर रहे थे। चिन्नी मर्डर केस में इन्होंने मुख्य शूटरों को लॉजिस्टिक, आर्थिक और ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई थी। पुलिस के अनुसार गैंग के इशारे पर आरोपी क्लब संचालकों और व्यापारियों से रंगदारी भी वसूलते थे। गिरफ्तारी के दिन भी दोनों किसी वारदात को अंजाम देने और कारोबारियों को धमकाने की योजना से चंडीगढ़ आए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।