अब पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की दो सुपर लग्जरी वाल्वो बसें पटियाला से नई दिल्ली हवाई अड्डे तक रोजाना जाएंगी। यह सुविधा 15 जून से शुरू होगी। पीआरटीसी की मैनेजिंग डायरेक्टर पूनमदीप कौर ने बताया कि इस बस का किराया 835 रुपये होगा और बुकिंग ऑनलाइन होगी।
एमडी ने बताया कि पटियाला बस अड्डे से 15 जून को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर पहली बस रवाना होगी। यह बस नई दिल्ली हवाई अड्डे पर शाम छह बजकर 40 मिनट पर पहुंच जाएगी। वापसी में बस वहां से सुबह डेढ़ बजे पटियाला के लिए चलेगी। इसी तरह से दूसरी बस शाम चार बजे पटियाला से रवाना होगी, जो रात 10 बजे नई दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।
यह बस सुबह वहां से छह बजे हवाई अड्डे से वापसी के लिए रवाना होगी। पीआरटीसी की इन बसों की बुकिंग पेप्सू ऑनलाइन डाट कॉम वेबसाइट से बहुत आसान ढंग की जा सकती है। जहां इन बसों के आने-जाने का समय सारिणी भी उपलब्ध होगी। एमडी ने कहा कि इससे हवाई अड्डे के लिए जाने वाले एनआरआई व पटियाला जिले के लोगों समेत अन्य जिलों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही विदेश से पंजाब आने वाले बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों के लिए भी यह सुविधा एक वरदान साबित होगी, क्योंकि वह अपनी बस की टिकट विदेश में बैठ कर ही बुक कर सकेंगे।