प्रधानमंत्री मोदी 24 अगस्त को न्यू चंडीगढ़ स्थित मेडिसिटी में कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करने आ रहे हैं। इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब व चंडीगढ़ में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा सख्त कर दिया गया है। पूरा न्यू चंडीगढ़ इलाका छावनी में तब्दील हो गया है।
चारों तरफ पुलिस के जवान तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल तक दो रास्ते जाते हैं। दोनों पर आधा किमी पहले ही बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। पीएम जनसभा भी करेंगे। एक रास्ता सीधा जनसभा स्थल तक जाता है। उसको 24 को आम जनता के लिए खोला जाएगा। इलाके के धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस की नजर है। कई जगह सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात हैं। मौके पर प्रशासन के कई आला अधिकारी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
आईएसबीटी पर चेकिंग, मॉल की सुरक्षा भी बढ़ाई
सेक्टर-43 और सेक्टर-17 स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) पर रविवार को चंडीगढ़ पुलिस और कमांडो ने जांच अभियान चलाया। अन्य इलाकों में भी वाहनों की जांच की गई। शॉपिंग मॉल समेत भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। रात में लगने वाले नाकों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की टीमें लगातार दोनों राज्यों की पुलिस के साथ संपर्क में हैं। बता दें कि कुछ हफ्ते पहले भाजपा कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय की भी सुरक्षा बढ़ा गई थी। उस धमकी के बाद से अब तक वहां 24 घंटे कमांडो की तैनाती की गई है।
10 फुट ऊंचा तैयार किया मंच
रैली स्थल पर हेलीपैड और मंच बनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए 40 फुट लंबा, 20 फुट चौड़ा और 10 फुट ऊंचा मंच तैयार किया जा रहा है। इसके सामने 5000 कुर्सियां लगाकर लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वही रैली स्थल के सामने ही प्रधानमंत्री के लिए हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।