दिल्ली से पकड़े आतंकियों से हुआ खुलासा
पंजाब में आतंकी हमले का खुलासा हाल ही में दिल्ली में पकड़े गए चार आतंकियों से पूछताछ में हुआ है। आतंकियों को पकड़ने में पंजाब पुलिस ने भी अहम भूमिका निभाई थी। अभी चारों आतंकी पंजाब पुलिस की हिरासत में हैं। चारों से पुलिस अलग-अलग पूछताछ कर रही है।
आतंकी पन्नू ने दी पीएम को चेतावनी
प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे से पहले चेतावनी दी है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि पंजाब ने पहले भी प्रधानमंत्री को वापस किया है इस बार भी वापस करेंगे। पन्नू ने कहा है कि खालिस्तान समर्थक मुल्लांपुर पहुंच गए हैं, वह एक जनमत संग्रह को लेकर पहुंचे हैं, जो प्रधानमंत्री की यात्रा का विरोध करेंगे। बता दें कि 24 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
बढ़ेगी कांग्रेस के चार नेताओं की सुरक्षा
आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी होने के बाद सूबे के चार बड़े कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मंत्री गुरकीरत कोटली, विजय इंदर सिंगला और पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंका का नाम शामिल है। अन्य छह नेताओं की सुरक्षा को लेकर पंजाब पुलिस ने समीक्षा शुरू कर दी है। पंजाब में 400 से अधिक वीआईपी की सुरक्षा हटाने के बाद सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई थी। सुरक्षा में कटौती किए जाने के फैसले पर सरकार की खूब किरकिरी हुई थी।