चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास एक तेज रफ्तार एक्सयूवी गाड़ी ने बाइक चालक समेत पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां ट्रांसपोर्ट एरिया निवासी बलबीर सिंह (35) उपचाराधीन है। वहीं कांबली निवासी बाइक चालक अंकित मिश्रा (24) की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। बापूधाम चौकी पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना वीरवार सुबह करीब 6 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास एक बाइक चालक समेत दो लोगों को एक पंजाब नंबर की एक्सयूवी गाड़ी ने टक्कर मार दी है। सूचना पर बापूधाम चौकी इंचार्ज रोहिताश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू करके दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को दिए बयान में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट लाइटों पर हरी बत्ती का इंतजार करने के दौरान एक्सयूवी गाड़ी ने टक्कर मारी है। हादसा इतना जबरदस्त था कि वहां से पैदल गुजर रहा बलबीर सिंह भी इसकी चपेट में आ गया। वहीं हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बापूधाम चौकी पुलिस ने एक्सयूवी गाड़ी को जब्त करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।