गढ़शंकर उपमंडल के गांव मोरांवाली में श्री नांदेड़ साहिब से लौटे होशियारपुर में आइसोलेट श्रद्धालुओं में से मां-बेटी सहित तीन और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। सोमवार को इन श्रद्धालुओं को लेकर आने वाला टैंपों ट्रैवलर का चालक पॉजिटिव मिला था। पहले पॉजिटिव आई महिला अब भी होशियारपुर में उपचाराधीन है।
इस तरह मोरांवाली में अब पांच केस कोरोना के हैं। जिसके चलते मोरांवाली को पूरी तरह सील कर दिया गया। अब तक गढ़शंकर उपमंडल में दस तो जिले में 11 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इसमें से गढ़शंकर उपमंडल मे चार ठीक हो चुके हैं। जबकि सबसे पहले पॉजिटिव की मौत हो चुकी है। श्री नांदेड़ साहिब से लौटे चार पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग तैयार कर रहा है और उन्हें होम क्वारंटीन किया जा रहा है।
श्री हजूर साहिब से लौटी 53 वर्षीय महिला, उनकी 20 वर्षीय बेटी और 55 वर्षीय महिला कोरोना वायरस की चपेट में आ गई हैं। बता दें कि टैंपो ट्रैवलर का चालक सोमवार को पॉजिटिव आया था। इस तरह श्री नांदेड़ साहिब से लौटे 16 लोगों मे से चार पॉजिटिव आ चुके हैं। अन्य 12 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इसके अलावा गांव बगवाई व रुड़की खास की दोनों महिलाओं के टेस्ट भी निगेटिव आए हैं। मोरांवाली के 12 निगेटिव आए लोगों को एहतियातन होशियारपुर में ही अभी 21 दिन तक रखा जाएगा तो बगवाई व रुड़की खास की महिलाओ को घरों में ही होम क्वारंटीन पर रखा है।
श्री हजूर साहिब व अन्य जगहों से लौटे लोगों को व उनके संपर्क में आने वालों का पता लगाकर होम क्वारंटीन किया जा रहा है। किसी में भी कोरोना के संक्रमण के लक्षणों की आशंका होने पर उसके सैंपल लिए जा रहे हैं। अब हमारा पूरा ध्यान एक बार कोरोना के संक्रमण की चेन ब्रेक करने पर है। उसके लिए हमारी पूरी टीम जुटी है। एसडीएम हरबंस सिंह
मोरांवाली को पूरी तरह सील कर पुलिस की नाकेबंदी कर दी गई है। किसी को भी गांव में प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. रघुवीर सिंह, एसएमओ।
कोटकपूरा के गांव संधवां में दो दिन पहले श्री हजूर साहिब से लौटे 20 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे में शामिल युवती सहित तीन महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें फरीदकोट के श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर लिया है। इस जत्थे के बाकी 17 सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं।
फिलहाल उन्हें गांव संधवां के ही सरकारी प्राइमरी स्कूल में क्वारंटीन किया हुआ है। पीड़ितों में दो बुजुर्ग महिलाएं और एक 23 वर्षीय युवती भी शामिल है। मामले की पुष्टि करते हुए सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि श्री हजूर साहिब से अभी कुछ और श्रद्धालु भी लौटने वाले हैं, जिन्हें विभिन्न स्कूलों में क्वारंटीन किया जाना है।
आने वाले श्रद्धालुओं के सैंपल जांच को भेजे जाएंगे। बुधवार को अकेले कोटकपूरा में राजस्थान से पीआरटीसी की बसों से लगभग 225 मजदूर लौटे हैं। जिन्हें डॉ. हरी सिंह सेवक सरकारी स्कूल व सदाराम बांसल स्कूल में क्वारंटीन किया गया है।
इन सभी का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है और संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार श्री हजूर साहिब में फरीदकोट के करीब 70 श्रद्धालु फंसे थे, जिनमें अभी गांव संधवां के ही 20 व्यक्ति वापस लौटे हैं। बाकी श्रद्धालुओं के देर रात या गुरुवार सुबह तक पहुंचने के आसार है।
दो दिन की शांति के बाद बुधवार कोरोना के एक साथ 11 पॉजिटिव केस सामने आए है। इसमें सात कोरोना पीड़ित श्री हजूर साहिब और चार पीड़ित कोटा से आए छात्र है। लुधियाना में अब कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 32 पहुंच गई है। इसमें 29 पीड़ित लुधियाना से संबंधित है, जबकि एक फिरोजपुर, एक बरनाला और एक जालंधर से संबंधित है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि अभी तक सात मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके है। बुधवार को 199 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए है। 43 रैपिड रिस्पांस टीम ने 130 लोगों की स्क्रीनिंग की है, इसमें 93 लोगों को एकांतवास में भेजा गया है।
पटियाला में श्री हजूर साहिब से सोमवार को वापस लौटे दो श्रद्धालुओं की रिपोर्ट बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिली। यह दोनों मां-बेटा हैं, जिन्हें रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। सिविल सर्जन डा. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पटियाला के आनंद नगर ए एक्सटेशन में रहने वाले तीन श्रद्धालु, जिनमें मां-बेटा समेत युवक की मासी भी शामिल है।
तीनों अपनी टैक्सी के जरिये सोमवार को श्री हजूर साहिब से वापस लौटे थे। जैसे ही इसकी सूचना सेहत विभाग को मिली तो तुरंत गाइडलाइंस के मुताबिक विभाग द्वारा इनकी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। जांच रिपोर्ट आने पर 50 साल की महिला और 26 साल का उसका बेटा दोनों कोरोना पॉजिटिव मिले। युवक की 60 साल की मासी की रिपोर्ट कंफर्म न होने करके दोबारा सैंपल लिया गया है।
सुल्तानपुर लोधी में कोविड-19 की दस्तक
अब सुल्तानपुर लोधी में कोविड-19 ने दस्तक दे दी है। दो दिन पहले महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब से लौटे 14 श्रद्धालुओं में से दो की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इन दोनों पॉजिटिव श्रद्धालुओं को आइसोलेशन वार्ड कपूरथला लाया जा रहा है।