आखिर में इन विभागों ने पीयू के सुरक्षा विभाग को इसकी जानकारी दी और लिखित में भी पत्र भेजा। सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा विभाग के हर किसी को यह बात पता थी, लेकिन उसे दबाने की पूरी कोशिश की गई। यही कारण था कि कुछ दिन पहले संस्कृत विभाग से हेरिटेज टेबल चोरी होने का शोर मचा था, लेकिन हकीकत में कुछ और थी।
दूसरे विभाग की ओर इशारा इसलिए किया गया कि जिस विभाग से टेबल निकली हैं, वह बात बाहर न आने पाए। शोर मचने के बाद चीफ सिक्योरिटी अधिकारी प्रो. अश्वनी कौल भी संस्कृत विभाग पहुंचे थे, लेकिन चोरी होने की बात उन्होंने नकार दी थी।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मंगलवार को कई सुरक्षा कर्मियों की जुबान पर टेबल चोरी का मामला आया। तफ्तीश की गई तो पता चला कि आर्ट ब्लॉक पांच स्थित फ्रेंच व जर्मन विभाग का ताला तोड़कर दो बड़ी हेरिटेज टेबल निकाली गई हैं। विभाग को यह बात पता चली, लेकिन उन्होंने मौन साध लिया और मामला दबाने की पूरी कोशिश की।
जानकारों का कहना है कि टेबल का आकार बड़ा था, इनकी कीमत भी दस करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यह आर्ट ब्लॉक सबसे अनसेफ माना जाता है। यहां सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं किए गए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं।
फ्रेंच व जर्मन लैंग्वेज से दो बड़ी हेरिटेज टेबल चोरी होने के बाद यह मामला पीयू में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि विभाग के ही कुछ लोगों का इसमें हाथ हो सकता है। हालांकि यह पुलिस जांच में इसका खुलासा होगा। सूत्रों का कहना है कि यह टेबल पीयू में नहीं बताई जा रही हैं, यह पीयू से बाहर चली गई हैं।
अब सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर बिना गेट पास के यह टेबल कैसे बाहर गईं और यदि पीयू में हैं तो कहां छिपाई गई हैं। जानकार कहते हैं कि इसमें सुरक्षा विभाग के भी कुछ गार्ड शामिल हो सकते हैं। इसको लेकर फ्रेंच विभाग अध्यक्ष से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
कुछ दिनों पहले दो हेरिटेज टेबल चोरी होने की शिकायत फ्रेंच व जर्मन विभाग ने हमारे कार्यालय में दी थी, इसकी जानकारी मुझे नहीं थी, लेकिन यह शिकायत पुलिस को ट्रांसफर कर दी हैं। पुलिस जांच कर इसका खुलासा करेगी। - प्रो. अश्वनी कौल, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर, पीयू
मामला मेरे संज्ञान में आया है। इसकी जांच करवाएंगे। जो भी दोषी होगा, उन पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रो. शंकरजी झा, प्रभारी वाइस चांसलर, पीयू