आइलेट्स पास दो युवतियों ने कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करवाकर साढ़े 53 लाख रुपये की ठगी की है। कपूरथला थाना सिटी-2 में मां-बेटी समेत तीन महिलाओं पर दो धोखाधड़ी के केस दर्ज किए हैं। पहले मामले में युवती ने कनाडा पहुंचने के बाद कांट्रेक्ट के मुताबिक अपने पति को विदेश नहीं बुलाया, जबकि दूसरे मामले में युवती का धोखाधड़ी करना साबित हुआ है।
थाना सिटी-2 (अर्बन एस्टेट) पुलिस को दी शिकायत में गौरव जग्गी निवासी ग्रीन पार्क पीर चौधरी रोड नजदीक सहारा अस्पताल कपूरथला ने बताया कि नैंसी और रेणु निवासी सैदा वाला मोहल्ला जिला मोगा हाल निवासी न्यू शिवाजी नगर लुधियाना मां-बेटी हैं।
नैंसी ने सोशल मीडिया पर यह बताया था कि उसके आइलेट्स में अच्छे बैंड हैं और वह किसी पंजाबी लड़के को पक्के तौर पर विदेश ले जा सकती है। इस पर उसके माता-पिता की ओर से उसके छोटे भाई सौरव को पक्के तौर पर विदेश भेजने के लिए नैंसी से बातचीत की गई। इस पर नैंसी और उसकी माता रेणु कपूरथला आए और बातचीत में यह समझौता हुआ कि नैंसी और सौरव कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करेंगे। यह पक्का नहीं, समझौते वाला विवाह होगा और कनाडा पहुंचने पर जब सौरव की पीआर हो जाएगी, तो दोनों तलाक ले लेंगे। पीआर के लिए 40 लाख रुपये खर्च होंगे और विवाह का खर्च भी लड़के वालों को उठाना पड़ेगा।
डेढ़ लाख में हुई थी शादी
इस कॉन्ट्रैक्ट मैरिज पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुआ और विवाह के 5-7 दिन के लिए उसके छोटा भाई सौरव और नैंसी की ओर से भारत घूमने के दौरान अलग-अलग जगह फोटो खींची गई थीं, जिस पर उनका 50 हजार रुपये खर्च हुआ। इसके बाद सितंबर 2019 को नैंसी की माता रेणु ने कहा कि अब केस अप्लाई करना है और हमें भी हमारी पेमेंट 40 लाख रुपये दे दी जाए, जोकि उन्होंने अलग-अलग समय पर 40 लाख रुपये की रकम देने के बाद नैंसी का कनाडा का वीजा आ गया। वीजा आने के बाद रेणु ने कहा कि उसकी लड़की तीन महीने के बाद अपने पति सौरव को विदेश बुला लेगी, लेकिन नैंसी ने अपने पति सौरव को विदेश नहीं बुलाया।
फोन उठाना भी किया बंद
रेणु ने फोन भी उठाना कम कर दिया और मैसेज के जवाब भी नहीं दिए। जब उन्होंने मोगा व लुधियाना में मोहल्ले में जाकर पता चला कि रेणु ने तो अपने घर बेचने की तैयारी में है और वह कनाडा जाने की फिराक में है। तब उन्हें पता चला कि उनके साथ दोनों मां-बेटी ठगी कर रही हैं। थाना सिटी-2 की पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर पत्नी ने दिया धोखा
दूसरे मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में गुरमीत सिंह निवासी मोहल्ला नर्सरी रणधीर कॉलेज रोड ने बताया कि उसकी अर्शदीप कौर निवासी गुरु तेग बहादुर नगर के साथ एक वर्ष पहले जालंधर के एक होटल में कांट्रैक्ट मैरिज हुई थी। उसने आइलेट्स की थी और उसके 6.5 बैंड थे। इसके चलते हुए उसे भी विदेश जाना था। शादी के बाद वह अपने घर रहने लगी। दोनों ने विदेश जाने के लिए फाइल लगाने संबंधी 50 हजार ट्रैवल एजेंट को दिए। जिसके बाद उसने अपनी पत्नी के बैंक अकाउंट में पांच लाख रुपये जमा करवा दिए।
जनवरी 2023 में फिर 1.30 लाख रुपये जमा करवाए। उसकी पत्नी ने कहा कि उसके घर का गुजारा मुश्किल से चल रहा है और उसे पैसों की सख्त जरूरत है, जिसके चलते उसने अलग-अलग समय पर उसे 1.70 लाख रुपये दिए, जो उसने अपने मायके परिवार को दिए। कुछ महीने पहले उसकी पत्नी बिना कानूनी तलाक लिए और नए पते पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने की तैयारी करने लगी और किसी गैर-मर्द के साथ घूमती पाई गई। डीएसपी गुरमीत सिंह ने जांच में पाया कि यह मामला विदेश जाने के लिए कांट्रेक्ट मैरिज करने का पाया गया है। जिसके आधार पर अर्शदीप कौर के युवक के साथ धोखाधड़ी करना का केस दर्ज किया गया।
अमेरिका में पक्का करवाने के नाम पर ठगे 20 लाख
एक अन्य मामले में हितेश धीर निवासी 721 जेपी नगर जालंधर हाल निवासी गांव धालीवाल ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि उसका अमेरिका का टूरिस्ट वीजा लगा हुआ था और वह अमेरिका में पक्का होना चाहता था। इस बारे में उसने अपने दोस्तों से कह रखा था। इस दौरान उसकी अपने पुराने दोस्त अनूप जैन निवासी 203 लैदर कांप्लेक्स कपूरथला रोड बस्ती बावा खेल जालंधर व गौतम स्याल निवासी गंगा रोड जालंधर कैंट से हुई। इनमें गौतम ट्रेवल एजेंटों का काम करता है। उसने उससे कहा कि यदि वह अमेरिका में पक्का होना चाहता है, तो इसके लिए 20 लाख रुपये खर्च हाेंगे। इस पर उसने अलग-अलग तारीखों में रुपये गौतम को दे दिए। पैसे लेने के बाद न तो उसने उसे अमेरिका भेजा और न ही रकम वापस की और आनाकानी करने लगा। इस पर तंग आकर उसने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने जांच पड़ताल कर आरोपी ट्रेवल एजेंट पर लगे सभी आरोप सही पाए, जिसके आधार पर गौतम स्याल पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।