सूचना के बाद गुरुवार तड़के अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने दोनों शवों की पहचान की। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कपिल के पिता मनोज के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त अक्सर साथ में रहते थे। रात को भी अपने किसी परिचित की शादी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उसके बाद उनकी हादसे में मौत ही सूचना आई। कपिल के जहां दो बेटे हैं, वहीं विक्रम के पास एक बेटी है। दोनों की मौत से परिजन सदमे में हैं।
मुरथल रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। एक युवक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। -देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।
खरखौदा-सोनीपत मार्ग पर गुरुवार शाम को ट्रक की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों के शव कार के अंदर ही फंस गए, जिन्हें क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर बाहर निकाला गया। इस दौरान घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ट्रक तेज गति में होने के कारण टक्कर मारकर कार को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।
गांव झरोठ निवासी जगपाल (50) किसान था और गुरुवार शाम को वह झरोठी निवासी 35 वर्षीय संदीप के साथ अपनी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी लेकर खरखौदा आ रहा था। जब वे दोनों झरोठ गांव से खरखौदा की तरफ ड्रेन नंबर आठ के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हादसे के समय ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में कार सवार जगपाल और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों व्यक्ति कार के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद एकत्रित हुए राहगीरों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन बाहर नहीं निकाल सके। जिसके बाद क्रेन की मदद से कार पर चढ़े ट्रक को हटवाया गया और दोनों के शवों को कार से बाहर निकाला।
सूचना पाकर दोनों मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। जगपाल खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहा था। वहीं संदीप ने झरोठ गांव के बस स्टैंड पर चाय की दुकान कर रखी थी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पांच माह पहले ही हुई थी संदीप की शादी
हादसे में काल का ग्रास बने संदीप की शादी महज पांच माह पहले ही हुई थी। हादसे के बाद से संदीप और जगपाल के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कार व ट्रक की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। शवों का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अरुण सिंह, थाना प्रभारी, खरखौदा।