वह पूरी रात नाइट आउट करने के बाद सुबह पांच बजे मुरथल स्थित सुखदेव ढाबे पर पहुंचे और करीब साढे छह बजे वहां से खाना खाकर निकले। सभी दोस्तों ने फैसला किया कि पानीपत टोल से घूमकर वापस घर जाएंगे। उसके बाद पानीपत टोल के लिए निकले और जब वह पानीपत लालबत्ती फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे तो अमृत को आभास हुआ कि गाड़ी के किसी पहिये में हवा की कमी है।
उसके तुरंत बाद ही गाड़ी का टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर दिल्ली- चंडीगढ लेन से चंडीगढ़-दिल्ली लेन में जाकर दूसरी कार से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार निलांश व रीतिक की मौके पर ही मौत हो गई। कार रीतिक चला रहा था, जबकि निलांश उसके ठीक पीछे बैठा था। जबकि अमृतेश्वर व यश गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार ओंकार निवासी करनाल को भी चोट आई है। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल में दाखिल कराया गया है।
परिवार में इकलौता चिराग था नीलांश, अगले माह थी बड़ी बहन की शादी
जानकारी देते हुए नीलांश के पिता नवीन ने बताया कि उसकी बेटी की अगले माह में शादी थी। उसके दो बच्चे है, जिनमें वह छोटा था। वह घर पर दोस्त के घर जा रहा हूं कहकर निकला था। उसके बाद उसने कहा था कि वह घूमने के लिए जा रहे है। रात साढे 12 बजे के बाद उससे संपर्क नहीं हुआ लेकिन सुबह उनके पास फोन आया और घटना की सूचना दी। जब वह पानीपत पहुंचे तो डॉक्टर ने बेटे को मृत बताया।
घायल अमृत ने बताया कि रीतिक परिवार में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता सीमेंट व कोर्सेंट का काम करते है। उसने बताया कि गाड़ी उसकी थी और सोमवार को घर से ही रीतिक गाड़ी चला रहा था और वह उसकी साइड में बैठा हुआ था। अमृत के पीछे नीलांश व उसके पीछे यश बैठा हुआ था। जब हादसा हुआ तो रीतिक व उसके पीछे बैठे नीलांश को गंभीर चोट आई, जब वह सामान्य अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बहन की ससुराल जा रहा था करनाल निवासी ओमकार
पुलिस को दी शिकातय में संजीव रोहिल्ला पुत्र धर्मसिह रोहिल्ला निवासी करनाल ने बताया कि सोमवार को उनका लड़का ओमकार अपनी गाड़ी से बहन नेहा की ससुराल नया गांव जिला झज्जर जा रहा था। उन्हें सुबह आठ बजे सूचना मिली कि ओमकार को सड़क हादसे में गंभीर चोट आई है।
परिजन तुरंत सरकारी अस्पताल पानीपत पहुंचे और ओमकार से बातचीत हुई। ओमकार ने बताया कि जब वह सुबह 7.30 बजे लाल बती चौक के ऊपर पुल पर पहुंचा तो दिल्ली की तरफ से आ रहे एक कार चालक ने डिवाइडर तोड़कर चंडीगढ़-दिल्ली लेन पर आ गया और कार में टक्कर मार दी।
सुबह करीब साढे़ सात बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। सड़क हादसे में दिल्ली कार सवार चार युवकों में से दो की मौत हो गई है, व दो घायल है। -मोहन लाल, एसएचओ, शहर थाना।