पंजाब में सोमवार को 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हो गई, जबकि 212 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य की संक्रमण दर 4.34 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। मोहाली समेत पांच जिलों में हालात चिंताजनक हैं। मोहाली में 56 और जालंधर में 51 नए मरीज मिले हैं। उधर, पटियाला जिले में कोविड के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन बीए-5 और बीए-2.75 मिलने से हड़कंप मच गया है।
पंजाब के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बठिंडा और मलेरकोटला जिले में एक-एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। कुल मिले 212 नए कोरोना संक्रमितों में सबसे अधिक मोहाली और लुधियाना में नए मरीज मिले हैं। इनके अलावा लुधियाना में 26, होशियारपुर में 18, अमृतसर, बठिंडा में 12-12, पटियाला में 11, फरीदकोट में आठ, रोपड़ में छह, गुरदासपुर में पांच, तीन अन्य जिलों में दो-दो और पठानकोट में एक नए संक्रमण के मामले मिले हैं। पंजाब में सबसे चिंताजनक बात यह है कि यहां तेजी से एक्टिव केसों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। 11 जून से अब तक सूबे में सक्रिय मामले बढ़कर 1664 पहुंच गए हैं। जबकि 11 जून को इन केसों की संख्या 235 रिकॉर्ड की गई थी।
120 दिनों में 7558 मिले संक्रमित
पंजाब में अप्रैल से अब तक 7558 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। जबकि 50 संक्रमितों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। अस्पतालों में भर्ती कुल कोरोना संक्रमितों में से 50 मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। जबकि एक की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
पटियाला में मिले नए वैरिएंट ओमिक्रॉन बीए-5 और बीए-2.75
पटियाला में कोविड के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन बीए-5 और बीए-2.75 मिले हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजू धीर ने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज की वीआरडीएल लैब से प्राप्त जीनोटाइपिंग रिपोर्ट से यह पता लगा है। यही वजह है कि जिले में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। लोगों को अब सावधान हो जाना चाहिए।
सीएमओ ने कोविड की लड़ाई में वैक्सीनेशन को बड़ा हथियार बताया और लोगों को दोनों डोज लगवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिले में 11 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से नौ पटियाला शहर से हैं, जबकि दो राजपुरा के हैं। अब जिले में कुल कोविड मामलों की संख्या 62754 हो गई है। वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्यया 61167 है। सक्रिय मामले 129 हैं।