चंडीगढ़ में कोरोना से रविवार को दो और मरीजों की मौत हो गई जबकि 96 नए संक्रमित मिले। वहीं, स्वस्थ होने पर 69 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। बता दें कि कोरोना से अब तक शहर में 276 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 17342 पॉजिटिव केस आ चुके हैं।
रविवार को जिन दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनकी पहचान सेक्टर-19 निवासी 57 वर्षीय पुरुष और सेक्टर-35 निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के रूप में हुई है। वहीं, रविवार को मनीमाजरा में 9, सेक्टर-63 में चार, सेक्टर-46 में छह, सेक्टर-34, 44, 42 में चार-चार पॉजिटिव केस आए। सेक्टर-8, 9, 11, 14, 15, 18 आदि सेक्टरों में कोरोना के मरीज मिले हैं।
पंचकूला में 64 लोग कोरोना संक्रमित मिले
पंचकूला में रविवार को कोरोना संक्रमण के 64 नए मामले सामने आए हैं। इसमें शनिवार को चिह्नित मामले भी शामिल हैं। शनिवार को चिह्नित 34 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि पंचकूला में रविवार को 30 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं अब कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 92.50 फीसदी हो गया है। पंचकूला में कोरोना संक्रमण से अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में रविवार को कालका में सबसे ज्यादा 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मोहाली में एक की मौत, 113 संक्रमित मिले
मोहाली में कोरोना महामारी का संकट गहराता जा रहा है। रविवार को एक और व्यक्ति की कोरोना की वजह से मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना की वजह से होने वाली मौतों का आंकड़ा 277 पर पहुंच गया है। जो कि ट्राइसिटी में सबसे अधिक है। दूसरी ओर इस दौरान 113 लोग कोरोना संक्रमित हुए। जबकि 130 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
डीसी गिरीश दियालन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिस भी व्यक्ति को खुद में कोरोना संबंधी लक्षण लगते हैं। वह तुरंत अपना कोरोना टेस्ट करवाए। सरकारी अस्पतालों में कोरोना का टेस्ट फ्री होता है। इसके अलावा मेडिकल हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल कर लोग अधिक जानकारी हासिल कर सकते हैं।