विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। आजाद दो बार विधायक रह चुके हैं। उनके साथ मेवात में कांग्रेस के हलका प्रधान वसीम आजाद ने कांग्रेस छोड़कर जजपा में शामिल होने की घोषणा की। आजाद मोहम्मद वर्तमान में कांग्रेस प्रदेश कमेटी के महासचिव भी हैं।
बुधवार को नई दिल्ली में हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने आवास पर पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद व वसीम आजाद को पार्टी का पटका देकर उनका स्वागत किया और जजपा परिवार का सदस्य बनाया।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। आजाद मोहम्मद ने दुष्यंत चौटाला को लड्डू खिलाकर उन्हें उप मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी।
आजाद मोहम्मद मेवात में प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। आजाद मोहम्मद के पिता अजमद खान 1987 में मंत्री थे। आजाद मोहम्मद फिरोजपुर झिरका से 1996 में विधायक बने और 2005 में भी वे डिप्टी स्पीकर भी बने।
2002 से 2005 तक वे कांग्रेस के जिला प्रधान भी रहे। वसीम आजाद वर्तमान में फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस के हलका प्रधान थे। उन्होंने ने भी कांग्रेस छोड़कर आज जजपा में आस्था जताई। इस अवसर पर जेजेपी के नूंह से पार्टी प्रत्याशी रहे तय्यैब हुसैन, योगेश शर्मा भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति, गृहमंत्री और रक्षा मंत्री से मिले दुष्यंत
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शपथ ग्रहण के बाद दिल्ली में डेरा डाला हुआ है। सीएम मनोहर लाल के साथ-साथ वह भी राष्ट्रपति व केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। सीएम जहां मंगलवार को राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व रक्षा मंत्री से मिले थे तो वहीं दुष्यंत ने बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सभी का हालचाल जाना व प्रदेश के ताजा हालात पर चर्चा की।