चंडीगढ़। सेक्टर-21 स्थित बीट बॉक्स के पास उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब पुलिस ने आल्टो कार को रुकवा लिया। इस दौरान कार चालक ने अपने भाई को बुला लिया और पुलिसकर्मियों से बदतमीजी कर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस ने आईपीसी 353, 332, 34 और 188 के तहत मामला दर्ज कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सेक्टर 21 निवासी राशांत सिंह और चांद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में हेड कांस्टेबल नरेश कुमार ने बताया कि कर्फ्यू के दौरान उनकी ड्यूटी सेक्टर-21 में लगी हुई थी। इस दौरान एक आल्टो कार वहां से गुजर रही थी। शिकायत में बताया गया कि जब कार को रुकवाकर चालक से पूछताछ की गई तो चालक बहसबाजी पर उतर आया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चालक का नाम राशांत सिंह है। थोड़ी देर बाद मौके पर राशांत ने अपने भाई चांद कुमार को बुला लिया। देखते ही देखते दोनों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने पुलिसकर्मियों से बहस बाजी कर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची सेक्टर 19 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।