पंजाब पुलिस अफसरों के हाथ पैर उस समय फूल गए, जब चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर दो बम मिलने की खबर उन तक पहुंची। पंजाब सीएम आवास के सामने स्थित राजिंद्रा पार्क से दो बम मिले। सोमवार दोपहर जैसे ही बम मिलने की सूचना मिली पूरा पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मौके पर सेक्टर 3 थाना पुलिस व डीएसपी ने पहुंच कर बम को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया।
डीएसपी सेंट्रल राम गोपाल ने बताया कि दोपहर एक बजे किसी राहगीर ने राजिंद्रा पार्क के पास दो बम पड़े देखे और 100 नंबर पर फोन कर मामले की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों बमों को वहां से दूर ले जाकर मिट्टी के अंदर दबा दिया है। साथ ही उसकी बैरिकेडिंग कर दी है। वहीं आर्मी को भी बम मिलने की सूचना दे दी गई।
सेना के अधिकारियों ने पहुंचकर बम को अपने कब्जे में लेकर निष्क्रिय करने के लिए अपने साथ ले गई। जिस जगह दोनों बम मिले है वह जगह पंजाब मुख्यमंत्री आवास महज 100 मीटर की दूरी पर है। उस स्थान पर हमेशा हाई सिक्योरिटी रहती है। उसके बावजूद भी नहीं पता चला कि दोनों बम वहां कौन रख कर गया। पुलिस को शक है कि किसी कबाड़ी के कबाड़ में बम आ गए होंगे। उसी ने रात के अंधेरे में वहां दोनों बम फेंक कर चला गया होगा। सेक्टर 3 थाने में मामले में केस दर्ज कर लिया है और बमों को वहां फेंकने वाले की तलाश शुरू कर दी गई है।