पंजाब व इसके आसपास कई राज्यों में गोल्ड किट्टी के नाम पर लगभग 25 करोड़ रुपये की धोखेबाजी करने के मामले में किंगपिन रंजीत सिंह और गगनदीप सिंह ने बुधवार को स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनों आरोपियों के आत्मसमर्पण करने के बाद इस मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है। वहीं पुलिस भी दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है।
गौरतलब है कि गोल्ड किट्टी के नाम पर ठगी का कारोबार शुरू किया था। एक फर्म तैयार कर इसमें लोगों को जोड़ा जाता था। इसकी एवज में कमीशन और विदेश टूर के सब्जबाग दिखाए जाते थे। कंपनी की तरफ से लोगों से 11 माह तक किश्त ली जाती थी, 12 वें माह की किस्त खुद कंपनी की तरफ से देने का दावा किया जाता था। 13 वें माह में लोगों को सोना दिया जाना था।
लॉकडाउन शुरू होने के बाद लोगों ने कंपनी को किश्तें देना बंद कर दी और अपना जमा पैसा निकलवाने में जुट गए। कंपनी ने अपनी वेबसाइट को बंद कर दिया। यही नहीं कंपनी चला रहे अधिकारी भी गायब हो गए। आखिरकार लोग अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने कंपनी के रणजीत सिंह, गगनदीप सिंह व गुरमिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। बुधवार को रणजीत सिंह और गगनदीप सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। एसीपी मॉडल टाउन हरिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि करते कहा कि पुलिस दोनों को रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी।