क्रिकेट की दुनिया में उनकी ‘गुगली’ को खास नाम ‘दूसरा’ दिया गया। मैदान से बाहर तक उनके हर अंदाज की चर्चा होती है।
लेकिन, शुक्रवार को अमर उजाला चंडीगढ़ की वेबसाइट को लांच करने पहुंचे भारतीय क्रिकेट के टर्बनेटर हरभजन सिंह को जब अखबार की खास मुहिम ‘बेटी ही बचाएगी’ के बारे में पता चला तो वह भावुक हो गए।
संकल्प फार्म भरने के साथ ही वह बड़े धीरे से बोले, ‘मुझे इतने पुण्य काम के बारे में पहले बताया होता तो मैं भी तैयार होकर सलीके से आता।’
दरअसल अमर उजाला की ट्राइसिटी के लिए स्थानीय वेबसाइट लांच करने के लिए हरभजन पीसीए स्टेडियम मोहाली से सीधे सेक्टर-36 के एमसीएम डीएवी कालेज प्रैक्टिस किट में ही पहुंच गए।
वहां वह शनिवार से शुरू हो रहे रणजी मैच से पहले अभ्यास में जुटे थे। जस्सी, जंजुआ और जट्ट टिंका जैसे पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की नामचीन हस्तियों की मौजूदगी में अमर उजाला के कार्यकारी संपादक ने जब ‘बेटी ही बचाएगी’ मुहिम के बारे में बताते हुए भज्जी के एलबम ‘मेरी मां’ का जिक्र किया तो टर्बनेटर मानो बोल्ड ही हो गए।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ अभियान के प्रति लोगों और सेलेब्रिटी के रुझान का जिक्र करते हुए भज्जी अपने साथ मौजूद एमसीएम डीएवी कालेज की प्रिंसिपल से भी वहां तैयार होकर न पहुंच पाने के मलाल का उल्लेख भी किया।
जाते-जाते वह ये वादा भी कर गए कि ‘बेटी ही बचाएगी’ जैसे अभियान में वह हर योगदान देने को तैयार हैं।