नशे में धुत एक ट्रक चालक ने तंग गली में अपना ट्रक घुसा दिया। इससे गली में खड़े कई वाहनों व लोगों के घरों की दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा। घटना जालंधर के गीता कॉलोनी में बुधवार देर रात की है।
ट्रक चालक ने इतना ज्यादा नशा किया हुआ था कि उससे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। वाहनों में तोड़फोड़ और दीवारों पर ट्रक की टक्कर लगने से मोहल्ले के लोग जग गए। उन्होंने ट्रक चालक को पकड़ लिया। चालक को होश में लाने के लिए मुंह पर पानी फेंका लेकिन वह फिर भी होश में नहीं आया और पानी फेंकने वाले युवक के साथ उलझ गया। चालक युवक को गाली देने लगा। इस पर वहां मौजूद युवकों ने उसकी धुनाई शुरू कर दी।
उसी गली से निकल रहे इलाके के युवकों ने कहा कि चालक जब तंग गली में ट्रक लेकर आया तो वह सामने से आ रहे थे। उनके सामने ही ट्रक चालक ने पहले गली में खड़ी कारों को टक्कर मारी फिर ट्रक को पीछे ले जाने की कोशिश करने लगा। जब ट्रक बैक नहीं हुआ तो ट्रक तेजी से उनकी तरफ बढ़ा दिया। उन्होंने मोटरसाइकिल वहीं फेंककर अपनी जान बचाई।
इसके बाद चालक ने ट्रक से कई घरों की दीवारों को टक्कर मारी। इलाके के लोगों ने चालक से पूछताछ की लेकिन नशे में धुत चालक कुछ भी बता नहीं पा रहा था। वह बार-बार अपना पता गलत बता रहा था। इसके बाद इस हंगामे की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची व उक्त ट्रक चालक को अपने साथ ले गई।