चंडीगढ़। चंडीगढ़ के लोगों का खेलों से खास रिश्ता है और यहां के लोग फिटनेस को काफी पंसद करते हैं। प्रोफेशनल खिलाड़ियाें और एमेच्योर लोग अपने आप को बड़े लेवल के लिए तैयार करते हैं। इसी का उन्हें मौका देने के लिए एक नया डेस्टिनेशन तैयार है। खेल और वेलनेस के लिए शहर की ओलंपियन शूटर अंजुम मोदगिल और अंकुश भारद्वाज ने क्षेत्र का पहला विश्वस्तरीय पिकलबॉल कोर्ट लॉन्च किया। इस बारे में अंजुम और अंकुश ने सोमवार को एक निजी होटल में एक अत्याधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स सुविधा की जानकारी दी।
इस केंद्र में वर्ल्ड-क्लास शूटिंग रेंज, आधुनिक जिम, एडवांस फिजियोथेरेपी यूनिट, बोल्डरिंग वॉल, रिहैबिलिटेशन और वेलनेस स्टूडियो, बंजी वर्कआउट, योगा, और मेडिटेशन जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। मोहाली में स्थित यह फिटनेस क्लब शौकिया और पेशेवर दोनों खिलाड़ियों के लिए समान रूप से उपयुक्त है, जिसे अंजुम और अंकुश जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच और राजविंदर दोसांझ विश्वजीत जैसे विशेषज्ञों द्वारा संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अंजुम मोदगिल ने कहा कि हम युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण देने की सुविधाएं लेकर आए है। जिनकी हमारे समय में कमी रही थी। अंकुश भारद्वाज ने कहा कि मोहाली स्थित आर्कान क्लब में यह सुविधा केवल खेल के लिए नहीं, बल्कि हर वर्ग के लिए होगी।