चंडीगढ़ में शुक्रवार को पॉजिटिव मिले 203 मरीजों में धनास के पांच, हल्लोमाजरा के 6, मौलीजागरां के 6, मनीमाजरा के छह, पीजीआई के तीन और सेक्टर-7 के छह मरीजों के साथ अन्य क्षेत्रों के मरीज शामिल हैं। इन मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना की कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5268 हो गई है। वहीं अब तक 68 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कोरोना के 944 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इन सब के बीच अलग-अलग अस्पतालों और सेंटरों में भर्ती कोरोना के 222 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया, जिससे थोड़ी राहत मिली। बता दें कि संक्रमण की चेन को कमजोर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की तरफ से किए जा रहे हैं सारे प्रयास असफल साबित हो रहे हैं।
उधर, पंचकूला में 200 लोगों में कोरोना की पुष्टि होने के साथ ही शुक्रवार को एक और वृद्धा ने दम तोड़ दिया। 90 वर्षीय वृद्धा पंचकूला के सेक्टर-21 में रहती थी। वह डायबिटीज से भी संक्रमित थी। इस मौत के साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है।
मोहाली में चार की मौत, रिकॉर्ड 272 नए मरीज मिले
जले में शुक्रवार को कोरोना ने चार और लोगों की जान ले ली जबकि एक दिन में रिकॉर्ड 272 लोग संक्रमित हुए। यह एक दिन में संक्रमित होने वालों की अब तक सबसे बड़ी संख्या है। शुक्रवार को जिन लोगों की कोरोना से मौत हुई है, उनमें पहले से ही शूगर पीड़ित फेज-3बी2 निवासी 38 वर्षीय एक पुरुष था। वह ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ में दाखिल था।
बलटाना निवासी 58 वर्षीय पुरुष और शाहीमाजरा निवासी 52 वर्षीय महिला जो कि शूगर व हाइपरटेंशन से भी पीड़ित थी और पीजीआई में भर्ती थी। सेक्टर-114 में एक 63 वर्षीय महिला, वह भी शूगर पीड़ित थी और मायो अस्पताल में थी। बता दें कि जिला मोहाली पंजाब के उन पांच जिलों में शुमार हो गया, जहां पर कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज आ रहे हैं। सिविल सर्जन मोहाली डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित केसों की कुल संख्या 4495 हो गई है। जिनमें से 2058 एक्टिव केस हैं। जबकि 2343 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, कोरोना से 95 लोगों की मौत हो चुकी है।