पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को एक दिन का अवकाश घोषित किया है। शुक्रवार को ट्राइसिटी के सभी स्कूल-कालेज, सरकारी कार्यालय, अस्पताल बंद रहेंगे। चंडीगढ़ में सेक्टर-16 और 32 जीएमसीएच की ओपीडी भी बंद रहेगी। हालांकि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। एक दिन का अवकाश घोषित करने का निर्णय प्रशासन की ओर से देर शाम लिया गया जबकि इससे पहले पंजाब सहित कई अन्य राज्य छुट्टी की घोषणा कर चुके थे।
हाईकोर्ट में आज वर्क सस्पेंड, नहीं होगी सुनवाई
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को वर्क सस्पेंड करने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन के इस निर्णय के चलते शुक्रवार को हाईकोर्ट में वकील कामकाज ठप रखेंगे और इसके चलते किसी केस की सुनवाई नहीं होगी।