शहर में पिकआवर के दौरान मुख्य बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का ट्रायल पूरा हो चुका है, लेकिन इन वाहनों पर तय समय में प्रतिबंध जारी रहेगा। एसीपी कुशलपाल राणा ने भी इसकी पुष्टि की है।
मुख्य बाजार में नौ दिन पहले हुए सड़क हादसे में दादा-पोती की मौत व सड़कों पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन ने तीन शेड्यूल बनाकर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
शुरुआत में भारी वाहनों पर यह रोक ट्रायल के तौर पर सात दिन के लिए थी, लेकिन लोगोें की मांग और ट्रैफिक संचालन सामान्य होने पर इस शेड्यूल को जारी रखने का निर्णय लिया गया।
लोगों ने कहा, इधर ध्यान दे प्रशासन
भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध की समय सीमा बढ़ाकर सुबह 7 से रात 9 बजे तक करना चाहिए।
शहर के बाहर कुछ समय के लिए भारी वाहनों को प्रतिबंधित करने के अलावा सूरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास का निर्माण कराना चाहिए, ताकि बद्दी-नालागढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को असुविधा न हो।
ऑटो एवं मैक्सी कैब चालकों पर शिकंजा कसते हुए उनसे ट्रैफिक नियमों का पालन करवाना चाहिए।
मुख्य बाजार में ट्रैफिक कम होने से दोपहिया वाहन के साथ-साथ कार चालकों की गति पर भी नियंत्रण रखना चाहिए।
अवैध पार्किग कर रहे वाहन चालकों पर सख्ती बरतनी चाहिए।