गृह मंत्रालय ने पहली बार एक साथ प्रशासन के चार आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सेक्रेटरी पर्सोनल विक्रम देवदत्त (1993 बैच) अब दादर एंड नगर हवेली के एडमिनिस्ट्रेटर होंगे। हालांकि दत्त के कार्यकाल को अभी यूटी में करीब एक साल ही हुआ था। लेकिन उन्हें प्रमोट कर दादर एंड नगर हवेली भेज दिया गया है।
स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी दानिश अशरफ (2011), एडीसी कशिश मित्तल (2011) और एसडीएम सेंट्रल प्रिंस धवन (2012) का अरुणाचल प्रदेश ट्रांसफर कर दिया है। यह सभी अधिकारी अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-यूनियन टेरिटोरी (एजीएमयूटी) कैडर के हैं। इसी कैडर के अधिकारी केके जिंदल (2000) को एमएचए ने चंडीगढ़ ट्रांसफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि एमएचए यूटी कैडर के तीन से चार और अधिकारी वापस बुला सकता है।
अभी बरकरार रहेगा यूटी कैडर का दबदबा
चार अधिकारियों के लौटने के बाद भी यूटी में इसी कैडर का दबदबा बना रहेगा। अब भी चंडीगढ़ में इस कैडर के अधिकारियों की संख्या आठ है। जबकि पंजाब के पांच और हरियाणा के दो आईएएस ही चंडीगढ़ में कार्यरत हैं।
अभी तक सबसे अधिक थी आईएएस की संख्या
यूटी के इतिहास में पहली बार आईएएस की संख्या बढ़कर 19 हो गई थी। इनमें एक प्रोबेशनर आईएएस भी शामिल हैं। इससे पहले कभी भी यूटी को इतने अधिकारी नहीं मिले। अधिकारियों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई थी कि लगातार विभागों की अदला-बदली होती रही। जिस कारण उलझन की स्थिति बनी रहती थी। अधिकारियों को बैठने के रूम की दिक्कत बढ़ गई। एडवाइजर के गेस्ट रूम को ऑफिस बनाकर पहले पीसीएस अमित तलवार को दिया गया, बाद में वही रूम पर्यटन सचिव जितेंद्र यादव को दिया गया।
फिर होगी विभागों की अदला-बदली
एक साथ चार आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर ने प्रशासन के गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। अब फिर बड़े स्तर पर विभागों की अदला-बदली के कयास लग रहे हैं। विक्रम देवदत्त के पास पर्सोनल, वन एवं पर्यावरण, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, अर्बन प्लानिंग और ट्रांसपोर्ट जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग थे। हालांकि केके जिंदल भी काफी सीनियर अधिकारी हैं। उन्हें देवदत्त के विभाग दिए जा सकते हैं।
अमरेंद्र सिंह नहीं आएंगे चंडीगढ़
आईपीएस अमरेंद्र कुमार सिंह अब चंडीगढ़ नहीं आएंगे। उनका ट्रांसफर ऑर्डर रद्द कर दिल्ली भेज दिया गया है। अमरेंद्र फिलहाल मिजोरम में कार्यरत हैं। इससे पहले 2005 बैच के अमरेंद्र की चंडीगढ़ में एसपी के तौर पर पोस्टिंग के ऑर्डर हुए थे, लेकिन एमएचए ने यह आर्डर रोक कर दिल्ली पोस्टिंग के ऑर्डर जारी कर दिए।
यह होगी कैडर की स्थित
कैडर--------आईएएस की संख्या
यूटी---------11
पंजाब-------5
हरियाणा-----2
प्रोबेशनर-----1